होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, छापेमारी में एक कॉल गर्ल व 3 होटल मैनेजर हिरासत में Ranchi News
Flesh Trade रांची रेलवे स्टेशन रोड के होटलों में चुटिया थाने की पुलिस ने छापेमारी की। देह व्यापार से जुड़े सरगना की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस इनसे पूछताछ कर पता लगा रही है कि इनका रैकेट किन-किन होटलों में काम करता है।
रांची, जासं। राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन रोड के होटलों में देह व्यापार चलाए जाने की सूचना पर सोमवार की रात पुलिस ने छापेमारी की है। इस दौरान चुटिया थाने की पुलिस ने एक कॉल गर्ल सहित तीन होटल के मैनेजरों को हिरासत में लिया गया है। सभी होटल के मैनेजरों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित होटल मधुबन, होटल ओम रेसिडेंसी और होटल जैसमिन में धड़ल्ले से देह व्यापार चलाया जा रहा है।
इस सूचना पर चुटिया थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने एक टीम बनाकर छापेमारी की। इस दौरान वहां से पुलिस ने एक कॉल गर्ल सहित 3 होटलों के मैनेजरों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर पता लगा रही है कि इनका रैकेट किन-किन होटलों में काम करता है और इनका तार कहां से जुड़ा हुआ है। देह व्यापार के सरगना का भी पता लगाया जा रहा है।
रांची में वाट्सएप्प के जरिये चल रहा देह व्यापार
रांची में लॉकडाउन समाप्त होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जाने लगा है। रांची में बांग्लादेश और नेपाल तक की कॉल गर्ल मंगाई जा रही है। उनसे बेधड़क जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा है। देह व्यापार के धंधेबाज व्हाट्सएप और ऑनलाइन वेबसाइटों के जरिये देशी और विदेशी कॉलगर्ल मुहैया कराने का दावा कर रहे हैं।
व्यवस्थित तौर पर चल रहे रैकेट के खिलाफ रांची पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। राजधानी में तकनीक के सहारे जिस्मफरोशी का धंधा शहर, गांव व कस्बों से निकलकर जिस्म का बाजार अब वॉट्सएप पर आ गया है। वाट्सएप्प पर कॉलगर्ल की आकर्षक तस्वीर दिखाकर लोगों को जिस्मफरोशी के लिए लड़की मुहैया कराने वाले रैकेट राजधानी में सक्रिय हैं।
राजधानी में कई वेबसाइट्स में कॉलगर्ल के मोबाइल नंबर सहित अश्लील तस्वीरें डालकर जिस्मफरोशी का धंधा किया जाता हैं। हालांकि देह व्यापार चलाने वाले गिरोह के द्वारा बनाए गए वेबसाइट को साइबर थाने की पुलिस बंद करवाती है, लेकिन इस गिरोह के लोग नया वेबसाइट तैयार कर दोबारा सर्विस देने लगते हैं। ऑनलाइन देह व्यापार के इस धंधे में भारतीय कॉलगर्ल के साथ विदेशी कॉलगर्ल भी शामिल रहती हैं।
महानगरों से कनेक्ट कर व्यवस्थित करने में जुटे हैं सरगना
राजधानी में सक्रिय देह व्यापार के सरगना महानगरों से इस धंधे को कनेक्ट कर इसे व्यवस्थित करने में जुटे हैं। लालपुर इलाके से कुछ महीनों पहले पकड़ा गया देह व्यापार का सरगना राजन बड़े पैमाने पर महानगरों से कॉल गर्ल बुलाकर धंधा करवाता है। बताया जा रहा है कि जेल में रहते हुए भी वह इस धंधे को चला रहा है। वॉट्सएप पर देह व्यापार चलाने की सरगना मुंबई की सरोज नामक महिला है।
उसके पास लड़की के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। इसके लिए वह 300 रुपये लेती है। यह राशि भी वॉट्सएप के माध्यम से ली जाती है। इसके बाद वह लड़की का नंबर व फोटो उपलब्ध कराती है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद भी धंधेबाज शहर में मजबूती से पैर पसारे हुए हैं। हर छापेमारी में देह व्यापार गिरोह के सरगना पुलिस के चंगुल से फरार हो जाते हैं।