अपहरण कांड के सरगना ने बेटी के घर छुपा रखी थी फिरौती की राशि

जागरण संवाददाता रामगढ़ एक माह पहले गोला थाना क्षेत्र में गैस पाइप लाइन बिछाने के काम में

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 06:58 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 10:02 PM (IST)
अपहरण कांड के सरगना ने बेटी के घर छुपा रखी थी फिरौती की राशि
अपहरण कांड के सरगना ने बेटी के घर छुपा रखी थी फिरौती की राशि

जागरण संवाददाता, रामगढ़ : एक माह पहले गोला थाना क्षेत्र में गैस पाइप लाइन बिछाने के काम में लगे गेल कंपनी के नाइट गार्ड रामकुमार प्रजापति के अपहरण का मुख्य सरगना जागो मांझी ने पुलिस के समक्ष कई राज खोले हैं। रामकुमार प्रजापति को सकुशल छोड़ने के एवज में उसने कंपनी के ठेकेदार से बड़ी फिरौती राशि ली गई थी। जागो मांझी ने गिरोह के 15 सदस्यों के बीच फिरौती की राशि का बंटवारा करने के बाद एक नई बाइक खरीदी और शेष राशि अपनी बेटी के घर रखा दिया था। पुलिस ने उसके बेटी के घर से 1.48 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो बाइक, दो टांगी, एक पिस्टल भी जब्त किया है। मंगलवार को एसपी प्रभात कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी मीडिया को दी। एसपी ने बताया कि अपहरण गिरोह के सभी 15 लोग गोला थाना क्षेत्र के एक ही गांव के हैं। गिरोह के नौ सदस्यों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। इस मामले में इस गिरोह की सरगना सहित छह सदस्यों की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। पुलिस ने मुख्य सरगना जागो मांझी के साथ उसके सहयोगी हुकुमनाथ मांझी, बहाराम उर्फ डुमका मांझी व बबलू मांझी को गिरफ्तार किया गया है। सभी गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बन्दा टोला पिपरजारा के रहने वाले हैं।

--

फिर बना रहा था किसी के अपहरण की योजना

एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सरगना जागो मांझी अपने साथियों साथ किसी के अन्य के अपहरण की योजना बना रहा था। सोमवार की रात वह अपने साथियों के साथ भेड़ा नदी के किनारे श्मशान घाट के पास रुका हुआ था। सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल ने वहां से चारों को गिरफ्तार किया जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। एसपी ने बताया कि कांड में सभी शामिल अपराधी कर्मी एक संगठित अपहरण गिरोह चलाते हैं। इनका मुख्य कार्य क्षेत्र में होने वाली सरकार के निर्माण कार्य में लगे कंपनी ठेकेदार के स्टाफ का अपहरण कर फिरौती की रकम वसूलना है। इस गिरोह द्वारा क्षेत्र में तीन घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। एसपी ने बताया कि इस गिरोह ने रामगढ़ व बोकारो जिले में कुल तीन अपहरण की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरोह के अबतक कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जल्द ही दो अन्य की भी गिरफ्तार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी