जिले में माओवादी बंद का आंशिक असर, जनजीवन सामान्य
जागरण टीम मेदिनीनगर (पलामू) प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के रविवार को झारखंड बंद क
जागरण टीम, मेदिनीनगर (पलामू) : प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के रविवार को झारखंड बंद का जिले में आंशिक असर देखा गया। सुदूरवर्ती पांडू व नौडीहा बाजार प्रखंडों को छोड़कर अन्य सभी प्रखंडों में दुकाने खुली रहीं व जनजीवन सामान्य रहा। रविवार होने के कारण सरकारी व अन्य कार्यालय ऐसे ही बंद थे। जिला मुख्यालय से भी बसों का परिचालन सामान्य रहने की सूचना है। ट्रेनों का परिचालन भी सामान्य रहा। पांडू में माओवादी बंदी असरदार रहा। पांडू में बंद के असरदार रहने की खबर है। प्रखंड मुख्यालय बाजार की सभी दुकाने बंद रही। वही पांडू से जिला मुख्यालय, गढ़वा व अन्य जगहों पर जाने आने वाले यात्री वाहनों का परिचालन पूर्णत: बंद रहा। सड़कों पर बहुत कम संख्या में दुपहिया वाहन व निजी वाहनों से लोगो का आवागमन देखा गया। बाजार की बंद से जरूरी सामानों की खरीदारी करने आने जाने वाले लोगों व यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नौडीहा बाजार प्रखंड में बंद का असर देखा गया। यहां पेट्रोल पंप व दुकानें बंद रही। बसों व छोटे वाहनों का परिचालन भी नहीं हुआ। खनन गतिविधियां पूरी तरह ठप्प रही। बता दे कि प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर घटना के विरोध में रविवार को एक दिन का बंद आहूत किया था। इसे लेकर पुलिस द्वारा सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रीय राज मार्ग-75 व 98 पर विशेष गश्त लगाई जा रही थी। माओवादी बंद का हरिहरगंज में मिला जुला असर, कारोबार रहा प्रभावित
संवाद सूत्र, हरिहरगंज (पलामू) : हरिहरगंज व पिपरा प्रखंड क्षेत्र के इलाकों में लखीमपुर कांड के विरोध में भाकपा माओवादी के बंद का असर दिखा। एनएच 98 किनारे स्थित सभी दुकानें बंद रहीं। इससे कारोबार प्रभावित हुआ। मेन बाजार में भी बंद का मिला जुला असर दिखा। हरिहरगंज शहर से होकर बिहार जाने वाली एनएच 98 मेदिनीनगर-पटना मुख्य सड़क पर दोपहर तक छिटफुट वाहनों का परिचालन छोड़कर सन्नाटा छाया रहा। यात्री बसों का परिचालन नहीं हुआ। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। हरिहरगंज व पिपरा थाना पुलिस जगह-जगह मुस्तैद रही ।