विरोधियों की आवाज दबा रही हेमंत सरकार : मरांडी

लीड सत्ता के संरक्षण में झारखंड का हो रहा है अपराधीकरण विरोधियों पर किया जा रहा है

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 06:24 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 06:24 PM (IST)
विरोधियों की आवाज दबा रही हेमंत सरकार : मरांडी
विरोधियों की आवाज दबा रही हेमंत सरकार : मरांडी

लीड

सत्ता के संरक्षण में झारखंड का हो रहा है अपराधीकरण, विरोधियों पर किया जा रहा है मुकदमा संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में झारखंड का अपराधीकरण हो रहा है। स्थिति यह है कि राज्य सरकार के विरोध में उठने वाली हर आवाज को दबाया जा रहा है। विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है। फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं। मरांडी बुधवार को शिवाजी मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि सांसद निशिकांत दूबे जैसे लोग जब सरकार के कार्यकलापों पर आवाज उठाते हैं तो उनपर मुकदमा लाद दिया जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन विधानसभा चुनाव के पहले किए सभी वादों को पूरा करने में नाकाम साबित हुई है। यहीं नहीं विसंगतिपूर्ण नियोजन नीति के माध्यम से पलामू जैसे क्षेत्र के लोगों के भाषाई विवाद उठाकर सरकारी नौकरी से वंचित किया जा रहा है। विधानसभा जैसे लोकतंत्र के मंदिर में एक धर्म विशेष के लिए नमाज पढ़ने के लिए कक्ष आवंटित किए गए है। सत्ता के संरक्षण में खनिजों की खुलेआम तस्करी की जा रही है। अपराधी बेलगाम हो गए है। सिर्फ दो वर्षों में दुष्कर्म की तीन हजार मामले दर्ज किए गए है। वहीं, केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति भी सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है। ऐसे में झारखंड के लोगों को राज्य सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आसन्न पंचायत चुनावों में महती भागीदारी निभाने का आह्वान किया। देश में कोरोना संक्रमण काल में केंद्र की मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश में एक सौ करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण कराया गया, वहीं 80 करोड़ लोगों तक निशुल्क अनाज पहुंचा कर केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है।

बाक्स: झारखंड में किश्तों में हो रही है पदों की बिक्री: विष्णुदयाल

राज्य की सत्ता पर काबिज होते ही हेमंत सरकार में टांसफर-पोस्टिग बड़ी तेजी से उद्योग का रूप ले लिया था। अब तो स्थिति यह है कि ट्रांसफर व पोस्टिग के लिए किश्तों में सौदे किए जा रहे हैं। यह बातें पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने कही है। वे बुधवार को आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि सरकार अधिकारियों से पोस्टिग से पहले अग्रिम राशि ले रही है, शेष राशि को पोस्टिग होने के बाद किश्तों में चुकाने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार को दलगत आधार पर पंचायत चुनाव कराने की चुनौती दी। कहा कि राज्य सरकार के प्रति जनता में व्याप्त आक्रोश से डर कर हेमंत सोरेन दलगत आधार पर चुनाव कराने से डर रहे है। बाक्स: भ्रष्ट्राचार का केंद्र बन गए है सरकारी कार्यालय: सुनील

चतरा सांसद सुनील सिंह ने कहा कि झारखंड के तमाम सरकारी कार्यालय भ्रष्ट्राचार के केंद्र बन गए है। पंचायत स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्थापित कर ही इस अन्याय का अंत किया जा सकता है। चतरा सांसद बुधवार को शिवाजी मैदान में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने के लिए पंचायत से लेकर सांसद तक के पदों पर समान विचारधारा के लोगों को आना होगा। कार्यक्रम को भाजपा नेता श्याम नारायण दूबे, आदित्य साहू, बालमुकुूंद सहाय, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया व पाटन विधायक पुष्पा देवी ने संबोधित किया। कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

मनोज कुमार सिंह,विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता, महापौर अरूणा शंकर,उपमहापौर राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह, विवेक भवानी, विनय जायसवाल, विजयानंद पाठक, विनोद सिंह, कामेश्वर कुशवाहा, प्रभात भूईयां, ज्योति पांडेय, विभाकर पांडेय, धीरेंद्र दूबे, श्याम बाबू, सुरेंद्र विश्वकर्मा, किसलय तिवारी, मुन्ना चंद्रवंशी, प्रफल्ल सिंह, रीना किशोर, कर्नल संजय सिंह, इंद्रजीत सिंह डिपल, सिटू गुप्ता, अविनाश सिन्हा, अजय सिंह, जितेंद्र तिवारी, शिव मिश्रा, सुनील पांडेय, संटू सिंह, अजय सिंह, सोमेश सिंह, सुनील पासवान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता

chat bot
आपका साथी