लॉकडाउन का पालन कराने सड़क पर प्रशासन

जागरण टीम पाकुड़ कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर झारखंड सरकार ने शनिवार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 07:40 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 07:40 PM (IST)
लॉकडाउन का पालन कराने सड़क पर प्रशासन
लॉकडाउन का पालन कराने सड़क पर प्रशासन

जागरण टीम, पाकुड़ : कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर झारखंड सरकार ने शनिवार संध्या चार से सोमवार सुबह छह बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस वजह से जिले में रविवार की सुबह से बाजार पूरी तरह से बंद रहा। दवा दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानों पर ताला लटका रहा। बेवजह घर से निकलने पर भी पाबंदी थी। इसलिए लोग भी अपने-अपने घरों में दुबके रहे। सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था। संपूर्ण लॉकडाउन को सफल बनाने में मानसून ने भी योगदान दिया है। हर क्षेत्र में सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से भी लोग घरों में ही थे। शहर के हाटपाड़ा, गांधी चौक व रेलवे फाटक पर हमेशा सुबह से ही जाम का नजारा दिख जाता है, लेकिन रविवार सुबह से सन्नाटा पसरा रहा। इधर, संपूर्ण लॉकडाउन के बाद भी सड़कों पर बेरोकटोक बाइक, ऑटो तथा ट्रक चलती रही। कुछेक लोग बेवजह घर से बाहर भी निकले। पुलिस दिनभर गश्ती करती रही। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी सड़क पर उतरे। लोगों को चेतावनी दी गई।

लिट्टीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र में संपूर्ण लॉकडाउन का असर देखने को मिला। बाजार की सभी दुकानें बंद थी। नियम की अनदेखी करने वाले वाहन चालक पुलिस को देखते ही दूसरे रास्ते से भाग निकले।

हिरणपुर में संपूर्ण लॉकडाउन असरदार रहा। हिरणपुर बाजार सहित ग्रामीण इलाके की दुकानें बंद थी। तोड़ाई में खुली दुकानों को प्रशासन ने बंद कराया। यात्री वाहनों का आवागमन बंद रहा। डांगापाड़ा, मोहनपुर, बड़तल्ला आदि गांवों की दुकानें भी पूरी तरह से बंद थी। बीडीओ उमेश कुमार स्वांसी, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी अमित कुमार तिवारी ने क्षेत्र का जायजा लिया।

महेशपुर में संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान रविवार को प्रखंड मुख्यालय की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। दो-चार दुकान को छोड़कर बाकी सभी दुकान बंद रही।

पाकुड़िया में कोरोना का चेन को तोड़ने के लिए एक दिन का संपूर्ण लॉकडाउन का काफी असर देखा गया। बीडीओ मिथलेश कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी किरण डांग एवं थाना प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता पाकुड़िया बाजार का जायजा लिया।

अमड़ापाड़ा में लॉकडाउन को लेकर रविवार को अमड़ापाड़ा की सभी दुकानें बंद रही। शनिवार को ही पुलिस प्रशासन द्वारा माइकिग कर संपूर्ण लॉकडाउन का पालन करने का आग्रह किया था।

chat bot
आपका साथी