निश्शुल्क अपडेट होगा विद्यार्थियों का आधार कार्ड : बीडीओ

लोहरदगा में राजकीय उत्क्रमित मवि के विद्यार्थियों ने लगाई गुहार

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 09:07 PM (IST) Updated:Thu, 12 Dec 2019 06:13 AM (IST)
निश्शुल्क अपडेट होगा विद्यार्थियों का आधार कार्ड : बीडीओ
निश्शुल्क अपडेट होगा विद्यार्थियों का आधार कार्ड : बीडीओ

संवाद सूत्र, किस्को (लोहरदगा) : विद्यार्थियों का आधार कार्ड अब निश्शुल्क रूप से अपडेट किया जाएगा। इसे लेकर किस्को प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप भगत ने जरूरी निर्देश दिए हैं। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोचा के विद्यार्थियों ने बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देते हुए फरियाद लगाई थी। आधार सीडिग के लिए विद्यालय के बच्चों को लेकर विद्यालय के शिक्षक कबीरूद्दीन संबंधित बैंक में गए हुए थे। जहां पर बैंक के अधिकारियों ने कहा कि पहले आधार अपडेट करना होगा, तब आधार का सीडिग किया जाएगा। विद्यार्थियों को लेकर शिक्षक जब आधार अपडेट के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंचे तो वहां पर संबंधित केंद्र के कर्मचारियों ने कहा कि आधार अपडेट के लिए 50 रुपए शुल्क देना होगा। यह नियमानुसार शुल्क लिया जा रहा है। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप भगत को अपनी पीड़ा बताई। विद्यार्थी और शिक्षकों ने कहा कि गरीब बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। उनके लिए आधार अपडेट करने का शुल्क दे पाना संभव नहीं है। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर को बुलाकर इस संबंध में बात की। कंप्यूटर ऑपरेटर ने अपने उच्चाधिकारियों से बात किया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शिक्षकों से कहा कि निश्शुल्क रूप से आधार अपडेट को लेकर एक आवेदन देना होगा। शिक्षकों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आश्वस्त किया कि अब निश्शुल्क रूप से विद्यार्थियों का आधार कार्ड अपडेट किया जाएगा। इसमें कोई परेशानी नहीं है। कोई भी विद्यार्थी संबंधित केंद्र में पहुंचकर अपना आधार कार्ड अपडेट करा सकता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी की इस पहल के लिए शिक्षक और विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त किया।

chat bot
आपका साथी