जिले में रुक-रुककर हो रही है बारिश
जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा जिले में पिछले चार दिनों में मौसम पूरी तरह से मानसून क
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में पिछले चार दिनों में मौसम पूरी तरह से मानसून के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। लोहरदगा शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रात के समय बारिश होने के बाद दिन में भी कई बार रूक-रूककर बारिश हो रही है। जिससे सड़क पर सन्नाटा छाया हुआ है।। वहीं खेतों में बारिश का पानी भर गया है। ऐसे में किसानों को फसल बर्बाद होने की चिता सताने लगी है। लोहरदगा जिले में 17 जून तक 200 मिमी से ज्यादा औसत बारिश हो चुकी है। कई किसानों ने मानसून से पूर्व की बारिश में ही खेतों में बिचड़ा तैयार करने के लिए खेत में बीज डाल दिया था। इसके बाद लगातार बारिश होती आ रही है। जिससे बीज के खराब होने का भी खतरा बढ़ चुका है। किसानों के लिए यह चिता का विषय है कि यदि एक-दो दिनों में मौसम सामान्य नहीं होता है और सूरज नहीं निकलता है तो बीज खराब हो जाएगा। जिसके कारण किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा ही हाल सब्जियों की खेती पर भी नजर आ रहा है। मौसमी सब्जियों की खेती पर भी इसका असर नजर आएगा। यदि कुछ दिनों के लिए मौसम साफ नहीं होता है तो मक्का की पैदावार पर भी असर पड़ सकता है। कई फसल ऐसी है, जिसे बहुत ज्यादा पानी की आवश्यकता नहीं होती है। लगातार हो रही बारिश के कारण ऐसी फसलों को नुकसान होगा। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि शहरी क्षेत्र में भी लगातार बारिश की वजह से जलजमाव, गंदगी, दुर्गंध का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। समय पर साफ सफाई अभियान को गति नहीं दिए जाने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। हर साल शहरी क्षेत्र के लोग जल निकासी की समस्या का सामना करते हैं। इस बार भी कुछ ऐसी ही स्थिति दिखाई दे रही है। जिसके कारण लोगों की परेशानी बढ़ चुकी है। कई क्षेत्रों में समय पर कचरा का उठाव नहीं होने के कारण भी समस्या गंभीर नजर आ रही है। हालांकि नगर परिषद द्वारा बारिश के बावजूद कई क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिससे की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद नजर आ रही है।