सेवा के लिए सम्मान देने से बढ़ता है हौसला : अजातशत्रु
जागरण संवाददाता लोहरदगा भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनीष शिखर के नेतृत्व में गुरु
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनीष शिखर के नेतृत्व में गुरुवार को नावाड़ीपाड़ा में सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत भूतपूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेना से सेवानिवृत हुए पूर्व सैनिकों को अंग वस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सैनिकों के ड्यूटी के दौरान जो उन्होंने कठिनाइयों का सामना किया एवं सेना में प्राप्त अनुभव को वहां उपस्थित लोगों के बीच साझा किया गया। मौके पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अजातशत्रु ने कहा कि सेवा के लिए सम्मान देने से हौसला बढ़ता है। भाजपा ने हमेशा से ऐसे लोगों को सम्मान देने का काम किया है, जो देश के लिए कुछ करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सिंह ने कहा की सेना हमारे देश का प्रमुख अंग है। जिसकी वजह से हम अपने अपने जिलों में गांव में सुरक्षित तरीके से निवास करते हैं। सेना के जवान अपनी जान की बाजी लगाकर बॉर्डर पर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ताकि उनका देश सुरक्षित रहे। इसलिए हम सबों को सैनिकों का सम्मान करना चाहिए और युवाओं को सेना में जाने के लिए देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मनीष शिखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार भारत देश की सेना को मजबूत करने के लिए नए-नए हथियार एवं तकनीक को बढ़ावा दे रहे हैं। जिससे हमारी सेना पहले से ज्यादा मजबूत हो सके। हमें हर संभव अपनी ओर से भी सेना के प्रति अपना सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राज किशोर महतो, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय पंकज, कार्यक्रम प्रभारी कमलेश कुशवाहा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सजल कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन बाल्मीकि कुमार ने किया। साथ ही कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ संपन्न हुआ। मौके पर भाजपा मीडिया प्रभारी पशुपतिनाथ पारस, तुलसी उरांव, विजय महतो, शुभम कुमार, पप्पू पहलवान, विवेक मित्तल, विक्रम उरांव, पिटू साहू, नगर अध्यक्ष श्याम वर्मा, पवन प्रजापति, शुभम कुमार, नीरज कुमार, शंकर लोहरा आदि मौजूद थे।