लॉकडाउन का दिखा असर, सड़कों पर सन्नाटा, दुकानें रही बंद

जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा जिले में लॉकडाउन का व्यापक असर नजर आया। राज्य सरक

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 10:30 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:30 PM (IST)
लॉकडाउन का दिखा असर, सड़कों पर सन्नाटा, दुकानें रही बंद
लॉकडाउन का दिखा असर, सड़कों पर सन्नाटा, दुकानें रही बंद

जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में लॉकडाउन का व्यापक असर नजर आया। राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने को लेकर 36 घंटे के लॉकडाउन के दौरान लोहरदगा में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें बंद रही। लॉकडाउन के दौरान दूध, सब्जी, फल, बीज, खाद्यान्न की दुकानों के शटर नहीं उठे। यात्री रेलगाड़ी का परिचालन तो हुआ, पर यात्रियों की संख्या काफी कम रही। इक्का-दुक्का टेंपो ही सड़क पर नजर आए। पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जवान लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। संक्रमण के रोकथाम को लेकर लगाए गए लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिस-प्रशासन की सजगता और सतर्कता न•ार आई। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों और प्रखंड मुख्यालयों में भी सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। दुकानें नहीं खुली, बहुत जरूरी होने पर ही एक-दो लोग वाहन के साथ सड़क पर दिखाई दिए। कुल मिलाकर लोहरदगा में लॉकडाउन असरदार नजर आया है। दवा दुकानों को छोड़कर कोई अन्य दुकानें नहीं खुली। दूध, सब्जी, फल के लिए परेशान रहे लोग

लोहरदगा : लॉकडाउन के दौरान दूध-सब्जी, फल, किराना दुकान आदि दुकानें बंद रहने की वजह से लोगों को परेशानी हुई। सबसे अधिक दूध, सब्जी और फल के लिए लोग परेशान नजर आए। दूध नहीं मिल पाने की वजह से छोटे बच्चों के लिए अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दवा दुकानों के खुले रहने के कारण लोगों को जीवन रक्षक दवाओं की खरीद को लेकर परेशानी नहीं झेलनी पड़ी, परंतु वाहन नहीं चलने के कारण ग्रामीण क्षेत्र से लोग शहर नहीं आ सके। कई लोगों को जरूरी दवाएं खरीदनी थी, परंतु उन्हें काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कम चले ऑटो, पैदल गंतव्य की ओर जाते हुए नजर आए लोग

लोहरदगा : लॉकडाउन की वजह से सड़कों पर काफी कम संख्या में ऑटो नजर आए। गंतव्य की ओर लोग पैदल ही जाते हुए नजर आए। लोहरदगा रेलवे स्टेशन के लिए भी काफी कम संख्या में ऑटो का परिचालन हुआ। वाहनों के परिचालन को लेकर लोग सशंकित थे। ऐसे में सड़कों पर वाहन लेकर लोगों ने नहीं निकलने में ही भलाई समझी। लॉकडाउन की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। कुछ लोग पैदल ही अपने घर की ओर जाते हुए नजर आए। लोहरदगा रेलवे स्टेशन में भी सामान्य दिनों की तरह भीड़भाड़ बिल्कुल भी दिखाई नहीं दी। घरों में गुजारा समय, बच्चों के साथ बिताया वक्त

लोहरदगा : लोहरदगा में सुबह के समय भी सड़क पर लोग नजर नहीं आ रहे थे। सूरज निकलने के बाद और दोपहर में भी सड़क पर लोगों की आवाजाही नजर नहीं आई। शाम में भी इसी प्रकार की स्थिति थी। ज्यादातर लोगों ने अपने बच्चों के साथ घरों में समय बिताया। किसी ने फिल्म देखा तो किसी ने इंडोर गेम खेलकर वक्त गुजारा। बच्चों के साथ समय गुजारते हुए लॉकडाउन का पूरा आनंद लिया। रविवार और लॉकडाउन होने की वजह से लोगों को परिवार के साथ वक्त गुजारने का दोहरा मौका मिल गया था। अस्पताल में भी रही काफी कम भीड़भाड़

लोहरदगा : लॉकडाउन के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा अस्पताल में भी काफी कम भीड़ भाड़ रही। सदर अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में भी गिनती के लोग ही नजर आए। चिकित्सकों के निजी क्लीनिक बंद थे। दवा दुकानों को छोड़कर अन्य सभी प्रतिष्ठान बंद पाए गए। वाहनों का परिचालन नहीं हो रहा था। जिसके कारण लोग बीमारियों के इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचे ही नहीं। बहुत ज्यादा आपात स्थिति में ही लोग अस्पताल तक पहुंचते हुए नजर आए। हालांकि इनकी संख्या गिनती में थी।

chat bot
आपका साथी