तपने लगी धरती, जनजीवन का बुरा हाल

जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा में अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में सूरज तेवर दिखा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 09:36 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 09:36 PM (IST)
तपने लगी धरती, जनजीवन का बुरा हाल
तपने लगी धरती, जनजीवन का बुरा हाल

जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा में अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में सूरज तेवर दिखा रहा है। जिसके कारण लोगों का गला सूखने लगा है। धरती तपने लगी है। जनजीवन का बुरा हाल है। लोग गर्मी से परेशान हैं। घर से बाहर निकलने में पसीने छूट जा रहे हैं। सड़क पर चल रहे लोग पेड़ की छांव, छाता, शीतल पेय और गर्मी से राहत पाने वाले सभी उपाय करते हुए देखे जा रहे हैं। लोहरदगा जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम का ऐसा ही हाल रहा तो छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गर्मी की वजह से घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो चुका है। दिनभर बाजार में सन्नाटा पसर जा रहा है। दुकानदार ग्राहकों की राह ताकते हुए नजर आ रहे हैं। मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले मजदूर तेज धूप और गर्मी की वजह से काम नहीं कर पा रहे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में एक सामान स्थिति है। जिन विद्यालयों में परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, वहां के विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में मौसम का कुछ ऐसा ही हाल रहने की उम्मीद है। मौसम की बेरुखी की वजह से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। बुजुर्ग बताते हैं कि अप्रैल के पहले पखवाड़े में कभी इतनी गर्मी नहीं पड़ी थी। अप्रैल के पहले पखवाड़े में कभी कभार बारिश होती थी। जिसकी वजह से गर्मी से राहत मिलती थी। लोहरदगा जिला झारखंड के लिए ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में जाना जाता था। अब तो पिछले कुछ सालों से यहां गर्मी मार्च महीने से ही शुरू हो जा रही है। इस बार तो हद हो गई है। ऐसा ही हाल रहा तो पीने के लिए पानी मिलना भी मुश्किल होगा।

chat bot
आपका साथी