ऊंची है सीबीएसई 10वीं के टॉपरों के सपनों की उड़ान

जागरण संवाददाता लोहरदगा केंद्रीय माध्यमिक परीक्षा बोर्ड के दसवीं की परीक्षा में टॉपर हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 08:38 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 08:38 PM (IST)
ऊंची है सीबीएसई 10वीं के टॉपरों के सपनों की उड़ान
ऊंची है सीबीएसई 10वीं के टॉपरों के सपनों की उड़ान

जागरण संवाददाता, लोहरदगा : केंद्रीय माध्यमिक परीक्षा बोर्ड के दसवीं की परीक्षा में टॉपर होने वाले लोहरदगा के विद्यार्थियों के सपनों की उड़ान भी काफी ऊंची है। 10वीं बोर्ड की परीक्षा पास करने के बाद अपने भविष्य को लेकर सभी टॉपर गंभीर हैं। कोई यूपीएससी में सफलता हासिल कर देश की सेवा करना चाहता है, तो कोई डॉक्टर और इंजीनियर बनकर विकास में सहभागी बनने और लोगों की सेवा करने को लेकर तत्पर नजर आ रहा है। आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी हिडाल्को के अधिकारी रवि भूषण सिंह और शिक्षिका नीलिमा सिंह के पुत्र आयुष कुमार सिंह की सफलता से पूरा परिवार काफी खुश है। माता-पिता फूले नहीं समा रहे हैं। आयुष कुमार सिंह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ शिक्षक और बड़ी बहन डाक्टर आयुषी सिंह को देना चाहते हैं। आयुष आगे चलकर कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिग करने बाद यूपीएससी में सफलता प्राप्त कर देश की सेवा करने की इच्छा जता रहे हैं। लोहरदगा जिले में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली अदिति सिंह के अरमान भी काफी ऊंचे हैं। अदिति सिंह कि सफलता से पिता विकास चंद्र सिंह और मां जूली सिंह काफी खुश हैं। अदिति कहती हैं कि वह डॉक्टर बनकर मरीजों की सेवा करना चाहती हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक और हर उस व्यक्ति को देना चाहती हैं, जो उनके लिए बेहतर सोच रखते हैं। जिले में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली भूमि पोद्दार की सफलता से भी पूरा परिवार काफी खुश है। अमर पोद्दार और दीपा पोद्दार की पुत्री भूमि पोद्दार अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले अपने माता-पिता को देना चाहती हैं। जिन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के साथ उन्हें भी अपना समय दिया और साथ ही सहयोग करते हुए परीक्षा में सफलता दिलाई। वह शिक्षकों और विद्यालय परिवार को भी सफलता का श्रेय देती हैं। साथ ही इंजीनियरिग करना चाहती हैं। सीबीएसई 10वीं में संयुक्त रूप से लोहरदगा में तीसरा स्थान प्राप्त प्राप्त करने पर अभिनव कुमार के परिजन भी काफी खुश हैं। शिक्षक पिता रामकुमार और उनकी मां अपने पुत्र की सफलता पर फूला नहीं समा रहे हैं। वहीं सीबीएसई दसवीं में संयुक्त रूप से लोहरदगा में तीसरा स्थान पाने पर ईशान राज के परिजन भी काफी खुश हैं। ईशान राज के परिजन उनके भविष्य को लेकर योजना बना रहे हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना की छात्रा निभा तिग्गा अपने भविष्य को लेकर गंभीर नजर आ रही हैं। निभा कहती हैं कि उन्होंने अपना भविष्य तय कर लिया है। उनकी सफलता में परिजनों का पूरा सहयोग मिला है। सीबीएससी 10वीं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शुभ राज के अभिभावक भी अपने बेटे की सफलता से खुश नजर आ रहे हैं। शुभ जीवन में आगे भी सफलता को जारी रखने के लिए कड़ी मेहनत करने की बात कह रहे हैं। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रेमचंद उरांव के अभिभावक भी उनकी सफलता को लेकर हर्षित नजर आ रहे हैं। प्रेमचंद समाज की सेवा को लेकर इसी क्षेत्र में सेवा के लिए बेहतर पद के साथ अपना भविष्य तय करना चाहते हैं।

chat bot
आपका साथी