घर से उठा कर ले गई पुलिस और मार दी बेटे को गोली : मानती

संसू गारू (लातेहार) लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र के पीरी जंगल में शनिवार सुबह पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 08:56 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 08:56 PM (IST)
घर से उठा कर ले गई पुलिस और मार दी बेटे को गोली : मानती
घर से उठा कर ले गई पुलिस और मार दी बेटे को गोली : मानती

संसू, गारू (लातेहार) : लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र के पीरी जंगल में शनिवार सुबह पुलिस फायरिग में मारे गए ब्रह्मदेव सिंह को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। गांव के हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। चित्कार से पूरा इलाका गूंज उठा। उधर, ब्रह्मदेव सिंह की मां मानती देवी ने बताया है कि गांव में सरहूल पर्व को लेकर परंपरा के अनुसार युवकों की टोली शिकार के लिए गई थी। पहाड़ी की तरफ युवकों ने पुलिस को देखा तो वापस घर आ गए। इसके थोड़ी देर बाद पुलिस टीम युवकों को घर से उठाकर ले गई। जंगल में ले जाने के बाद ब्रहमदेव सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने भी मानती देवी की आरोपों को सही बताते हुए मामले में दोषी पुलिस जवानों पर कार्रवाई की मांग की है।

उधर, डीआइजी राजकुमार लकड़ा ने कहा कि शिकार खेलने निकली युवकों की टोली और पुलिस के बीच गोलीबारी में युवक की जान गई है। मृतक की मां और ग्रामीणों का आरोप बेबुनियाद है।

बहरहाल, ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पीरी गांव का ही निवासी था। उसे वनपट्टा मिला हुआ है। लंबे समय से वह घर बना कर वहां रहता आ रहा था। ब्रह्मदेव सिंह की मौत से मां मानती देवी के साथ परिवार टूट सा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पीरी गांव के छह लड़कों की टोली भरठूआ बंदूक के साथ खरहा या जंगली सुअर का शिकार करने जंगल में गई थी। पहाड़ी पर पुलिस टीम नाश्ता कर रही थी। युवकों की नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो वे भाग कर अपने घर आ गए। इसके बाद पुलिस टीम युवकों को घर से पूछताछ करने की बात बोलकर ले गई। इसके बाद ब्रहमदेव को जंगली में ले जाकर गोली मार दी गई। उधर, ग्रामीणों के आरोप से पुलिस ने पूरी तरह इन्कार किया है। कोट --

पुलिस ने सभी का बयान लिया है। शव का पोस्टमार्टम भी हुआ है। पहले गोली युवकों ने चलाई थी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में युवक की जान गई है। गोली मारकर हत्या जैसी बात पूरी तरह से गलत है।

- राजकुमार लकड़ा, डीआइजी पलामू प्रक्षेत्र।

chat bot
आपका साथी