मुख्यमंत्री ने नीलांबर-पीतांबर के परपौत्र को किया सम्मानित

जागरण संवाददाता लातेहार लातेहार के कोने गांव में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ग्रामी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 07:28 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 07:28 PM (IST)
मुख्यमंत्री ने नीलांबर-पीतांबर के परपौत्र को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने नीलांबर-पीतांबर के परपौत्र को किया सम्मानित

जागरण संवाददाता, लातेहार : लातेहार के कोने गांव में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यंमंत्री हेमंत सोरेन ने कोने गांव में स्थित नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने नीलांबर-पीतांबर के परपौत्र रामनंदन सिंह खरवार व उनके पुत्र कोमल सिंह खरवार को सम्मानित किया। कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में दोनों भाइयों के बलिदान को झारखंड नहीं भूलेगा। रांची से लेकर पलामू तक दोनों भाइयों ने अंग्रेजी हुकूमत को नाको चने चबवा दिया था। ऐसे वीर पुरषों की धरती है।

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ लेने के बाद खजाना खाली था। बीजेपी वाले ने चांदी की थाली व सोने की चम्मच से फाइव स्टार होटल में खर्च कर झारखंड का खजाना खाली किया। उन्होंने कहा कोरोना काल में हेमंत सोरेन ने देश में सबसे अच्छे मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। हेमंत सोरेन ने कोरोना काल में अपने राज्य झारखंड को सुरक्षित रखते हुए दूसरे राज्यों को भी यथासंभव मदद मुहैया कराई।

लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार राज्य का विकास कर रही है। आज के दौर में शहर से लेकर ग्रामीण स्तर पर ग्रामीणों में बढ़ रही जागरूकता इसका प्रमाण है। विधायक ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर सरकारी प्राथमिकताओं पर अब तक हुए कार्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में उपायुक्त अबु इमरान, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, उपविकास आयुक्त सुरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम शेखर कुमार, एनडीसी शिवेन्द्र कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. हरेनचन्द्र महतो, रामनंदन सिंह खरवार, कोमल सिंह खरवार, झामुमो जिलाध्यक्ष मोती लाल नाथ शाहदेव, शमशुल होदा, अरुण दुबे समेत कई लोग मौजूद थे।

सुरक्षा की थी चौकस व्यवस्था :

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया गया था। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद अपने हाथों में ले रखी थी। कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास की पहाड़ी पर सुरक्षाबल के जवान तैनात किए गए थे। इसके अलावा डीएसपी व इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी भी आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार गश्त करते हुए नजर आए।

दैनिक जागरण के खबर की सराहना :

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दैनिक जागरण में महिलाओं की ओर से लाह की खेती से संबंधित खबर की भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के द्वारा लाह की खेती से आमदनी प्राप्त करने की अखबार में छपी खबर देखकर अच्छा लगा। गौरतलब हो कि दैनिक जागरण ने सोमवार के अंक में नक्सल गांवों में लाह की खेती से महिलाएं हो रहीं लाल नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।

युवाओं में वीडियो को लेकर अधिक उत्सुकता :

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर युवाओं में अधिक उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने फोटो और वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। वहीं कुछ युवा अपने मोबाइल कैमरे से मुख्यमंत्री के साथ खुद को फ्रेम में रखते हुए सेल्फी लेने की हर संभव जुगत भिड़ाने में लगे रहे।

chat bot
आपका साथी