दीपों से रौशन होगा सारा जहां

जागरण टीम लातेहार लातेहार जिले में दीपावली की सारी तैयारी बुधवार की रात तक पूरी क

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Nov 2021 05:54 PM (IST) Updated:Wed, 03 Nov 2021 05:54 PM (IST)
दीपों से रौशन होगा सारा जहां
दीपों से रौशन होगा सारा जहां

जागरण टीम, लातेहार : लातेहार जिले में दीपावली की सारी तैयारी बुधवार की रात तक पूरी कर ली गई। आज भगवान श्री गणेश व माता लक्ष्मी की पूजा की जाएगी। आज के दिन कुबेर की भी पूजा का विधान है। घरों की साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। प्रतिष्ठानों को सजाने का काम अंतिम चरण में था। लोग पूजा अर्चना के लिए लक्ष्मी व गणेश की मूर्ति खरीदते नजर आए। जिले में तमाम स्थानों पर मां लक्ष्मी व गणेश की प्रतिमा सजाई गई है। बुधवार को भी दीपावली की पूर्व संध्या को लेकर जिला मुख्यालय लातेहार, चंदवा, बालूमाथ, बारियातू, हेरहंज, मनिका, बरवाडीह, महुआडांड़, गारू समेत ग्रामीण बाजारों में काफी चहल पहल रही। जिले के बाजार खरीददारों की भीड़ से गुलजार हो गए। दोपहर बाद अचानक उमड़े ग्राहकों ने बाजार में रौनक लौटा दी, कुछ देर के लिए माहौल ऐसा हो गया था मानो कोरोना महामारी का कोई असर ही न हो। इसके बाद देर शाम तक खरीददारी का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान लोगों ने घरों की सजावट के लिए फूलों और गुलदस्तों के साथ रंग बिरंगी झालरों की भी खरीददारी की। पं. त्रिभुवन पाण्डेय बताते हैं कि दीपावली धन व समृद्धि का त्योहार है। गृहस्थ को हमेशा कमलासन पर विराजमान लक्ष्मी की पूजन करनी चाहिए। घर में इशान कोण में कमलासन पर मिट्टी या चांदी की लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर श्रीयंत्र के साथ पूजन व जाप करना चाहिए। इससे चंचल लक्ष्मी स्थिर होती हैं। दीपावली पर देवी लक्ष्मी के साथ दंत मंगलमूर्ति गणपति की पूजा की जाती है। पूजन स्थल पर लक्ष्मी व गणेश के पीछे शुभ लाभ लिखना चाहिए। लक्ष्मी की पूजा से पहले भगवान गणेश की फूल अक्षत, दूब, पान, सुपारी, और मोदक, मिष्ठान से पूजा की जाती है। फिर देवी लक्ष्मी की पूजा की जाती है। समाचार लिखे जाने तक चारों तरफ दीपावली को लेकर उमंग व उत्साह का माहौल बना हुआ था।

chat bot
आपका साथी