विस चुनाव को लेकर मनिका की धरती पर आज गरजेंगे अमित शाह

देश के गृहमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को मनिका आएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Nov 2019 06:28 PM (IST) Updated:Wed, 20 Nov 2019 07:42 PM (IST)
विस चुनाव को लेकर मनिका की धरती पर आज गरजेंगे अमित शाह
विस चुनाव को लेकर मनिका की धरती पर आज गरजेंगे अमित शाह

संवाद सूत्र, लातेहार : देश के गृहमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को लातेहार जिले के मनिका हाई स्कूल के प्रांगण में 12.00 बजे से आयोजित विधानसभा की चुनावी सभा में शंखनाद करेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। झारखंड के प्रथम चरण में 30 नवंबर को होने वाली पहली चुनावी सभा को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह मनिका के हाई स्कूल के मैदान में गरजेंगे। चुनावी सभा को लेकर पार्टी की ओर से मंच और दर्शक दीर्घा तैयार हो चुका है। इसी मंच से झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह आगाज करेंगे। गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारी, दारोगा से लगभग पांच हजार की संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। जिसमें आईआरबी, सीआरपीएफ, जैप, जिला पुलिस बल सहित सुरक्षा की अन्य कंपनियों को तैनात किया गया है। देश के गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। सुरक्षा को लेकर बेहद मजबूत स्थिति है। शहर के थाना चौक व बस स्टैंड में बैरिकेडिग कर वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। आम लोगों को पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति है। पुलिस के बड़े अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिए हैं। देश के गृह मंत्री अमित शाह 12:00 बजे मनिका पहुंचेंगे। इसके बाद 12.00 बजे से चुनावी सभा करेंगे। यहां पर अमित शाह एक घंटा तक आम लोगों से रूबरू होंगे। देश के गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास, चतरा सांसद सुनील सिंह, लातेहार विधानसभा के प्रत्याशी प्रकाश राम व मनिका विधानसभा के प्रत्याशी रघुपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोगों शामिल होने की बात कही जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर बोकारो एसपी ने ली सुरक्षा की जानकारी

संवाद सूत्र, मनिका : मनिका प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय मैदान में गृह मंत्री अमित शाह के 21 नवंबर के कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई। बोकारो एसपी सुजाता वीणापाणि ने सुरक्षा की हर पहलू की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मियों को सुरक्षा से संबंधित कई दिशा निर्देश भी दिए। मौके पर उन्होंने कहा कि वीआईपी, प्रेस, वीवीआइपी के पास के संबंध में अविलंब जानकारी उपलब्ध कराएं। मौके पर उन्होंने लव कुमार दुबे से कार्यक्रम स्थल पर वितरित पास से संबंधी विस्तृत जानकारी मांगी। मौके पर विशेष सुरक्षा के लिए आए जवानों ने स्टेज, फील्ड, हेलीपैड समेत कई स्थानों का मुआयना किया। हेलीपैड पर पानी का छिड़काव के साथ-साथ गोबर से लिपाई का काम किया गया। मौके पर डीएसपी अमरनाथ, डॉ कैलाश करमाली, इंस्पेक्टर नरेश कुमार ,थाना प्रभारी प्रभाकर मुंडा समेत अनेक लोग उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी