गोदाम संचालक की लापरवाही से 20 हजार क्विटल अनाज लैप्स

भारतीय खाद्य निगम द्वारा संचालित पीईजी (पब्लिक इन्वेस्टर गोदाम) संचालक क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:37 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:37 PM (IST)
गोदाम संचालक की लापरवाही से 20 हजार क्विटल अनाज लैप्स
गोदाम संचालक की लापरवाही से 20 हजार क्विटल अनाज लैप्स

अजीत कुमार, कोडरमा: भारतीय खाद्य निगम द्वारा संचालित पीईजी (पब्लिक इन्वेस्टर गोदाम) संचालक की लापरवाही से गरीबों को मिलने वाला 20 हजार क्विटल अनाज लैप्स कर गया है। इससे कोडरमा के विभिन्न प्रखंडों में हजारों परिवारों को अक्टूबर माह का अनाज मिलना अब मुश्किल हो गया है। ऐसे में आने वाले दीपावली व छठ जैसे पर्व-त्योहार पर गरीबों की परेशानी काफी बढ़ जाएगी। बड़ी मात्रा में अनाज लैप्स होने से विभाग की चिता काफी बढ़ गई है। अनाज लैप्स होने से विभिन्न प्रखंडों में हजारों परिवार प्रभावित होंगे। पूरे मामले में गोदाम संचालक की लापरवाही व एफसीआइ के पीईजी गोदाम से राज्य खाद्य निगम गोदामों तक आने वाले अनाज की चोरी मुख्य रूप से सामने आ रहा है। इसे लेकर जिला आपूर्ति विभाग ने उच्चाधिकारियों को पत्राचार कर पीईजी गोदाम संचालक मनीष पेड़िवाल के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की है। कहा गया है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का सुचारू रूप से संचालन के लिए पीईजी गोदाम कोडरमा के संचालक द्वारा हमेशा किसी न किसी तरह से व्यवधान उत्पन्न किया जाता है, जिससे खाद्यान उठाव का कार्य बाधित होता रहता है। संचालक द्वारा कार्य बाधित करने से परिवहन अभिकर्ता द्वारा खाद्यान्न उठाव नहीं किया जा रहा है। इससे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का अनाज लैप्स की संभावना प्रबल हो गई है। विभाग के पदाधिकारी ने उच्चाधिकारी को पत्राचार कर पीईजी गोदाम को परिवर्तित करने एवं खाद्यान उठाव में अनियमितता को लेकर संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की है। गरीबों के 50 टन अनाज की हुई हकमारी

चंदवारा महतो आहर के समीप स्थित पीईजी गोदाम में जमकर अनाज की हकमारी हो रही है। अनाज में हेराफेरी के साथ-साथ पिछले 5-6 माह में 50 टन अनाज की हकमारी हुई है। जांच में यह मामला सामने आया कि पीईजी गोदाम को प्रखंड गोदाम आने वाले ट्रकों में एक क्विटल व उससे अधिक अनाज कम पाया गया है। गोदाम की माप मशीन व गोदाम के बाहर माप मशीन में ट्रकों की वजन मापी से यह खुलासा हुआ है। विभिन्न प्रखंडों से राज्य खाद्य निगम के गोदाम प्रबंधकों ने भी पत्राचार कर कार्यालय को कागजी रिपोर्ट से कम अनाज मिलने की जानकारी दी है। डीएसओ ने डीसी व प्रबंधक एफसीआइ को पत्राचार कर कहा है कि पीईजी गोदाम से निर्धारित मात्रा से कम अनाज प्रखंड गोदामों में दिया जाता है। यहां तौल मशीन के माध्यम से गड़बड़ी की जा रही है। पिछले कुछ माह में करीब 50 टन अनाज की हेराफेरी की गई है। इससे पीडीएस दुकानों को अनाज आवंटन में भी समस्या आ रही है। वहीं कई मौकों पर अनाज की अदला-बदली कर घटिया राशन बोरों में पैक कर प्रखंड गोदामों में भेजा जाता है। बहरहाल, मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। कोट--

अक्टूबर माह का अनाज लैप्स होने की संभावना प्रबल हो गई है। इसे लेकर झारखंड खाद्य निगम के निदेशक से वार्ता कर समस्या से अवगत कराया गया। उनके स्तर से भारत सरकार को पत्राचार कर समय अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है, ताकि गरीबों को अनाज मिल सके। वहीं पीईजी गोदाम से प्रखंडों को मिलने वाले अनाज में भी भारी गड़बड़ी सामने आई है। ट्रकों में निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिए जाते हैं। इस अनियमितता को लेकर संचालक मनीष पेडिवाल पर कार्रवाई एवं गोदाम हटाने की अनुशंसा की गई है।

प्रमोद राम, डीएसओ, कोडरमा।

chat bot
आपका साथी