वन कर्मियों पर हमले के आरोपित के घर मिला लाखों का अवैध माइका

विगत दिनों वनकर्मियों पर हमले के आरोपित कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 06:24 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 06:24 PM (IST)
वन कर्मियों पर हमले के आरोपित के घर मिला लाखों का अवैध माइका
वन कर्मियों पर हमले के आरोपित के घर मिला लाखों का अवैध माइका

संवाद सहयोगी, कोडरमा : विगत दिनों वनकर्मियों पर हमले के आरोपित कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकाई निवासी मनोज मोदी के आवास पुलिस को भारी मात्रा में अवैध माइका का भंडार मिला है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोडरमा पुलिस औऱ वन विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर रेंजर रामबाबू कुमार के नेतृत्व में छापेमारी के लिए मनोज मोदी के आवास पहुंचे थे। यहां परिसर से करीब 10 टन अवैध माइका जब्त किया गया है। जब्त माइका की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। ज्ञात हो कि कोडरमा जिले में इन दिनों अवैध ढिबरा खनन व कारोबार जोरों पर है। हालांकि जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा पिछले दिनों कोडरमा जिले में करीब 10 से भी ज्यादा ढिबरा फैक्ट्रियों को सील किया था। लेकिन बाद में इन्हें खोल भी दिया गया। जिस पर सवाल भी उठे। बहरहाल अब ढिबरा कारोबारियों ने इसके खनन और भंडारण के लिए जंगल को अपना सुरक्षित अड्डा बना लिया है। इसकी भनक लगने के बाद कोडरमा वन विभाग की टीम बुधवार देर शाम अवैध उत्खनन रोकने के लिए कोडरमा थाना अंतर्गत लोकाई के गम्हरिया जंगल में छापेमारी करने पहुंची थी। जंगल में अवैध खनन से जुड़े लोगों को इसकी भनक लगी और वन विभाग के छापेमारी दल पर करीब मनोज मोदी सहित 150 की संख्या में लोग लाठी-डंडे से लैस होकर हमला कर दिए, जिससे छह वनरक्षी घायल हो गए थे। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। इस मामले में गुरुवार को कोडरमा थाना में कांड संख्या 170/21 दर्ज किया गया है। इस कांड में मनोज मोदी, पिता स्वर्गीय विजय मोदी, लोकाई निवासी के अलावा 100 से 125 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है। इस दौरान आरोपी घर से फरार था और वहां सिर्फ महिलाएं थीं। इस बाबत वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू राम ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर मनोज मोदी के आवास परिसर से करीब 10 टन अवैध माइका बरामद किया गया। बरामदगी के उपरांत कागजात की मांग की गई, पर कागजात प्रस्तुत नहीं करने के बाद माइका जब्त कर वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में रखा गया है। साथ ही मनोज, श्याम मोदी, पिता मनोज मोदी के विरुद्ध प्रतिवेदन संख्या 244/21 दर्ज किया गया है। वहीं विगत दिनों वन कर्मियों पर हुए हमले में भी वनवाद संख्या 243/21 दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी