घर में घुसकर अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक

थाना क्षेत्र के गड़गी में शनिवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े घर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 06:30 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 06:30 PM (IST)
घर में घुसकर अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक
घर में घुसकर अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक

संवाद सूत्र जयनगर (कोडरमा) थाना क्षेत्र के गड़गी में शनिवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर एक व्यक्ति को गोली मार दी। गोली सीधे मुंह में मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक अपराधी तीन मोटरसाइकिल से छह की संख्या में थे। इसमें कुख्यात अपराधी सुरेश साव भी शामिल था। घायल गड़गी निवासी 55 वर्षीय लोचन साव की पत्नी बबीता देवी ने बताया कि सुरेश साव के साथ वीरेंद्र साव, विजय साव के अलावा छह व्यक्ति तीन मोटरसाइकिल से आए और सीधे अंदर घुस कर उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान सुरेश साव ने मुंह में गोली मार दी। घटना की जानकारी परिजनों ने जयनगर पुलिस को दी। पुलिस ने शीघ्र गड़गी पहुंचकर घायल लोचन साव को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल से रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अब्दुल्ला खान, परसाबाद पुलिस पिकेट प्रभारी दिलीप कुमार मंडल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी अब्दुल्ला खान ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद पूरे गड़गी गांव में भय का माहौल व्याप्त है। भय के कारण घटना की बात कोई बताने को तैयार नहीं है। ज्ञात हो कि कुछ माह पूर्व दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई थी जिसमें सुरेश साव गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले को लेकर जयनगर थाने में एक मामला भी दर्ज किया गया था। घटना के बाद व्यवसायिक नगरी परसाबाद में एक बार फिर से भय का माहौल देखने को मिल रहा है। वैसे भी सुरेश साव के जेल से बाहर आने के बाद व्यवसायी काफी भयभीत थे। इस घटना ने एक बार फिर व्यवसायियों को भयभीत कर दिया है। इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी कुमार गौरव ने बताया कि आपसी दुशमनी में इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जानी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी