वक्त के साथ बच्चों को अपडेट रखना जरूरी : राज्यपाल

दिगंबर जैन विद्यालय में आनलाइन क्लास का राज्यपाल ने किया उद्घाटन बच्चों को मिले अच्छी शिक्षा श्ि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 08:07 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 08:07 PM (IST)
वक्त के साथ बच्चों को अपडेट रखना जरूरी : राज्यपाल
वक्त के साथ बच्चों को अपडेट रखना जरूरी : राज्यपाल

दिगंबर जैन विद्यालय में आनलाइन क्लास का राज्यपाल ने किया उद्घाटन

बच्चों को मिले अच्छी शिक्षा, शिक्षक इसका हमेशा रखें ध्यान

संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा) : राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि वक्त के साथ चीजें तेजी से बदल रही हैं। अगर हम बच्चों को समय के साथ नहीं बदल सके तो उनके लिए आने वाला समय मुश्किल भरा हो सकता है। एक शिक्षक और एक अभिभावक होने के नाते हम बच्चों को जो सिखाते हैं, उसे अपने जीवन में कितना अपना रहे हैं, इस पर ध्यान देना जरूरी है। वह बुधवार को श्री दिगंबर जैन विद्यालय के वर्ग सात से 10 तक के बच्चों के लिए आनलाइन निश्शुल्क शिक्षा का रांची से आनलाइन शुभारंभ कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधक की जिम्मेदारी है कि वह सभी बच्चों को सभी प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि जो जन सेवा का कार्य करता है, उसके कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता। आठ मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए श्री दिगंबर जैन विद्यालय ने अच्छी पहल की है। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों को मास्क का प्रयोग करने व शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की।

विद्यालय के चेयरमैन किशोर पांड्या ने कहा कि वर्तमान में वह दिल्ली में रहकर व्यवसाय कर रहे हैं और झुमरीतिलैया उनकी जन्मभूमि रही है और यहीं से पढ़ाई भी की है। मुंबई में उन्होंने अभिभावकों को स्कूल प्रबंधन के समक्ष आनलाइन पढ़ाई के लिए गिड़गिड़ाते हुए देखा। इस पर उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने बताया कि झुमरीतिलैया श्री दिगंबर जैन विद्यालय में शुरू में कक्षा सात से 10 तक के डेढ़ सौ बच्चों को निश्शुल्क आनलाइन शिक्षा दी जाएगी। जिन परिवार में स्मार्ट फोन नहीं है, उनकी मदद के लिए समाज और विद्यालय पहल करेगा। जैन समाज के मंत्री ललित जैन ने राज्यपाल का अभिनंदन करते हुए कहा कि जैन समाज मानव सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। विद्यालय के संयोजक सुनील जैन छाबड़ा ने कहा कि इस लाकडाउन में बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए 24 जून से आनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। वर्तमान में 450 छात्र विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

आनलाइन उद्घाटन समारोह से विद्यालय कमेटी के मनीष सेठी, नवीन सेठी, राजेश पाण्डया, संदीप सेठी, सुशील छाबड़ा, राज छावड़ा, जयकुमार गंगवाल, विद्यालय के प्राचार्य ध्रुव देव झा, निवर्तमान वार्ड पार्षद पिकी जैन, संजय ढोल्या, राजकुमार अजमेरा, सुनील बड़जात्या, नवीन जैन, राज्यपाल के आप्त सचिव जेपी दास, मेजर अपूर्व शर्मा आदि जुड़े।

chat bot
आपका साथी