जयनगर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर : राजकुमार

संवाद सूत्र जयनगर (कोडरमा) जन सवालों को लेकर प्रखंड के नावाडीह में संयुक्त संघर्ष समिति द्वा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:04 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:04 PM (IST)
जयनगर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर : राजकुमार
जयनगर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर : राजकुमार

संवाद सूत्र, जयनगर (कोडरमा): जन सवालों को लेकर प्रखंड के नावाडीह में संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा सोमवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान मजदूर नेता राजकुमार पासवान ने कहा कि परसाबाद में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी अनियमितता बरती गई है। इसे लेकर डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर जांच कमेटी बनाई गई थी। जांच के बाद कार्यपालक अभियंता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तीन भवनों को तोड़ने का आदेश दिया था, उसके बाद भी इन भवनों को नहीं तोड़ा गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार कितना बढ़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि ई गवर्नेंस के बावजूद दाखिल खारिज, प्रमाण पत्रों को बनवाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। मजदूर नेता प्रेम प्रकाश पासवान ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क इलाज की व्यवस्था है, इसके बावजूद जनता लुट रही है। रोड टैक्स वसूली के बावजूद कोडरमा- कोवार पथ का हालत काफी बदतर है। वहीं भोला यादव ने कहा कि बारिश में ध्वस्त मकानों के लिए मुआवजे का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें जरूरत नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है। वहीं गरीबों को आशियाना नहीं मिल रहा है। कार्यक्रम को धीरज यादव, अशोक स्वर्णकार, रामचंद्र राणा, महेंद्र दास, शंकर दास आदि ने भी संबोधित किया और क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पानी, बिजली आदि की समस्या को शीघ्र निदान करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक स्वर्णकार ने की जबकि संचालन महेश राणा ने किया। इस अवसर पर अशोक दास, राजकुमार दास, रधिया देवी, शांति देवी, अंबिया देवी, देवंती देवी, अनीता देवी, सुरजी देवी, शारदा देवी, सुमा देवी, बबीता देवी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी