पहले दिन सड़कें हुई वीरान, बाजारों में सन्नाटा

संवाद सहयोगी झुमरीतिलैया (कोडरमा) झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का आंशिक लॉकड

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 07:16 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 07:16 PM (IST)
पहले दिन सड़कें हुई वीरान, बाजारों में सन्नाटा
पहले दिन सड़कें हुई वीरान, बाजारों में सन्नाटा

संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा) : झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का आंशिक लॉकडाउन गुरुवार से शुरू हो गया। शहर के चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं राशन, दवा, होटल, चारा, मोटर पाट्र्स और सब्जी की दुकानें खुली रहीं। झुमरीतिलैया, कोडरमा के साथ जिले के ग्रामीण इलाकों में जरूरी सामानों की दुकानें ही खुलीं। बाजारों में लोगों की संख्या भी नगण्य रही। लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले। बाजार में पुलिस की मौजूदगी भी रही। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेश कुमार ने बताया कि झंडा चौक, हटिया रोड की कुछ में गल्ला दुकानों में भीड़ देखने को मिली। इसे देखते हुए गली में एक दिन दाएं और एक दिन बाएं तरफ की दुकानें खोलने देने पर विचार कर रही है। शहर के बिग बाजार, कोडरमा स्टेशन, राजगढि़या मोड़ समेत पांच स्थानों पर कोविड जांच शिविर भी लगाया गया है। यहां एसडीओ के अलावा सीएस एबी प्रसाद, वीडियो रेशमा डुंगडुंग, सीओ अनिल कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. रंजीत कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।

बैंकिग कार्य भी प्रभावित:

कोविड-19 के बढ़ते मामले को देखते हुए गुरुवार से 30 अप्रैल तक बैंकिग कार्य सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक कर दिया गया है। अब बैंक चार घंटे के लिए ही खुलेंगे। एलडीएम महेश प्रसाद ने बताया कि जिले के 62 सरकारी और गैर सरकारी बैंक में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दिया जा रहा है। गुरुवार को बैंक ऑफ इंडिया कोडरमा और सतगावां शाखा में एक-एक अधिकारी पॉजिटिव पाए जाने के बाद शुक्रवार को बैंक बंद रहेगा।

ट्रेनों व बसों में भी यात्री हुए नगण्य :

ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में काफी गिरावट आई है। गुरुवार के आंशिक लॉकडाउन के बाद पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या हजार से घटकर डेढ़ सौ तक सिमट गई है। वहीं शहर से चलने वाली बसों की संख्या भी 25 फीसद रह गई हैं। इनमें भी केवल ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों ने सफर किया।

chat bot
आपका साथी