खूंटी में नक्सली बंदी के दौरान ट्रक चालक को जिंदा जलाने वाले दो माओवादी गिरफ्तार

झारखंड में खूंटी पुलिस ने छापेमारी कर दो कुख्यात माओवादियों को गिरफ्तार किया है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 05:35 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 07:05 PM (IST)
खूंटी में नक्सली बंदी के दौरान ट्रक चालक को जिंदा जलाने वाले दो माओवादी गिरफ्तार
खूंटी में नक्सली बंदी के दौरान ट्रक चालक को जिंदा जलाने वाले दो माओवादी गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, खूंटी। एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिला पुलिस ने छापामारी कर दो कुख्यात माओवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादियों में अजय लोहरा (पिता सुखराम लोहरा, साकिन बारूहातू थाना मारांगहादा) और दूसरा सुखराम मुंडा उर्फ तेरछु (पिता रतनू मुंडा साकिन उदबुरू थाना साइको) है। दोनों के पास से दो देसी पिस्तौल और तीन गोलियां मिली है।

इस संबंध में शुक्रवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि नक्सली बंदी के दौरान ट्रक समेत चालक जागो सिंह को जिंदा जलाने सहित कई हत्या कांड में दोनों शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी बचन मुंडा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ साइको तथा कुड़ापूर्ति के जंगली इलाके में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद एएसपी अभियान अनुराग राज के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों माओवादियों को खदेड़ कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी पिस्तौल और तीन गोलियां बरामद हुई हैं।

एसपी ने बताया कि अजय लोहरा एक कुख्यात माओवादी है, जो मारंगहदा-लांदुप क्षेत्र में सक्रिय है। वह बचन मुंडा दस्ते का सक्रिय सदस्य है। अजय लोहरा वर्ष 2014 से माओवादी संगठन से जुड़ा है। इसका नेता माओवादी दुबराज मानकी था, जो 2014 में मारा गया। दोनों माओवादियों ने दो हत्याकांड का खुलासा किया है, जिस पर अनुसंधान जारी है। प्रेसवार्ता में डीएसपी विकास आनंद लागुरी, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, साइको थाना प्रभारी उमाशंकर प्रसाद, एसएसबी के रंधीर कुमार और साइको के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पंजाब के तरनतारन का रहने वाला था जिंदा जलाया गया चालक जागो सिंह
माओवादियों की तीन अगस्त 2017 को बुलाए गए झारखंड बंद के दौरान खूंटी जिले के अड़की प्रखंड की आड़ा घाटी में उग्रवादियों ने ट्रक सहित चालक जागो सिंह को जिंदा जला दिया था। ट्रक चालक पंजाब के तरनतारन जिले के खडूर साहिब क्षेत्र के वडिंग गांव का रहने वाला था। बंदी के दौरान वह खूंटी होते हुए दुर्गापुर जा रहा था। गिरफ्तार अजय लोहरा व सुखराम मुंडा ने पुलिस को दिया अपने स्वीकारोक्ति बयाना में बताया कि पहले हम लोगों ने ट्रक की टंकी में कुल्हाड़ी से छेद किया। इसके बाद जब डीजल निकलने लगा, तो ट्रक में आग लगा दी। बाद में चालक को भी उस पर फेंक दिया।

chat bot
आपका साथी