देश और राज्य का मान बढ़ाने वाली झारखंड की बेटियों का खूंटी में हुआ भव्य अभिनंदन

राज्य की पहली ओलिंपयन निक्की प्रधान और सिमडेगा की पहली महिला ओलंपियन सलीमा टेटे का मंगलवार को खूंटी पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 09:01 PM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 09:01 PM (IST)
देश और राज्य का मान बढ़ाने वाली झारखंड की बेटियों का खूंटी में हुआ भव्य अभिनंदन
देश और राज्य का मान बढ़ाने वाली झारखंड की बेटियों का खूंटी में हुआ भव्य अभिनंदन

जागरण संवाददाता, खूंटी : राज्य की पहली ओलिंपयन निक्की प्रधान और सिमडेगा की पहली महिला ओलंपियन सलीमा टेटे का मंगलवार को खूंटी पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। खूंटी पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाज से गाजे-बाजे के साथ दोनों का स्वागत कर खुली जीप पर सवार कर दोनों को नगर भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर पिपराटोली स्थित गायत्री नगर से लेकर हेल्थ क्लब तक कई स्थानों पर प्रशंसकों ने दोनों को फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया। पिपराटोली में स्वागत करने वालों में सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, जगरनाथ मुंडा, भीम सिंह मुंडा, मदन मोहन मिश्रा, प्रदीप साहू, परमेश्वर प्रसाद समेत एकल अभियान खूंटी व अखिल भारतीय सरना समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। रास्ते में चेंबर आफ कामर्स, अंजुमन इस्लामिया, मिडिल स्कूल व उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी समेत आमजन शामिल थे। निक्की व सलीमा बिरसा कालेज पहुंचीं और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

-

हेल्थ क्लब में हुआ मुख्य कार्यक्रम

दोनों ओलिंपियन को खूंटी हेल्थ क्लब में जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में उनके स्वागत में केक काटा गया। मौके पर दोनों ओलंपियंस ने अपने अनुभव साझा किए। समारोह में निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को जिले की सखी मंडल की दीदियों द्वारा बनाए गए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान पूरे खूंटी जिले का सम्मान है। हाकी कोच दशरथ महतो को भी सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें इसी प्रकार अन्य खिलाड़ियों को भी उचित प्रशिक्षण देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी। निक्की प्रधान और सलीमा टेटे ने लोगों को आटोग्राफ दिए। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की इन दो बेटियों ने टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन किया है। झारखंड समेत पूरे देशवासियों को इनपर गर्व है। इससे खूंटी जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दिशा में खेल और खिलाड़ियों के हित में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। मौके पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारी बेटियां अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने पूरे देश और राज्य का मान बढ़ाया है। खूंटी जिले में निक्की प्रधान के पदचिह्नों पर और भी खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं, जिनके उज्ज्वल भविष्य के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है।

chat bot
आपका साथी