बिरसा मुंडा के वंशज मांग रहे प्रतिष्ठानों की रायल्टी

खूंटी धरती आबा बिरसा मुंडा के पोते सुखराम मुंडा ने मुख्यमंत्री हेमंत सरकार को पत्र लिख है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 01:24 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 01:24 AM (IST)
बिरसा मुंडा के वंशज मांग रहे प्रतिष्ठानों की रायल्टी
बिरसा मुंडा के वंशज मांग रहे प्रतिष्ठानों की रायल्टी

जागरण संवाददाता, खूंटी : धरती आबा बिरसा मुंडा के पोते सुखराम मुंडा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम पत्र लिखकर भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर चल रहे एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय, पार्क व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से वंशजों को समुचित रॉयल्टी देने की मांग की है। बुधवार को उन्होंने खूंटी के उपायुक्त शशि रंजन को परिवार की माली हालत सुधारने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र सौंपा। सौंपे पत्र में सुखराम मुंडा ने कहा कि धरती आबा के वंशजों की माली हालत काफी दयनीय है। पत्र में उन्होंने बताया है कि भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलीहातू में खेल मैदान बनाने के नाम पर उनसे 27 डिसमिल और स्मारक बनाने के लिए 18 डिसमिल जमीन सरकार ने ली है। उस वक्त आश्वासन दिया गया था कि बदले में बराबर जमीन दी जाएगी। लेकिन अब तक कोई जमीन नहीं मिली। सुखराम मुंडा ने कहा कि उन्हें अविलंब उसी क्षेत्रफल की जमीन दी जाए। उसी जमीन पर मकान बना दिया जाए जिसमे पानी, बिजली और शौचालय की व्यवस्था हो। पत्र में उन्होंने कहा कि उनके दोनों बच्चों की चतुर्थ वर्गीय श्रेणी में नौकरी दी गई थी इस आश्वासन के साथ कि पदोन्नति दे दी जाएगी पर सालों बीत जाने के बाद भी दोनों को पदोन्नति नहीं दी गई। उनकी बेटी जोनी स्नातक है। उन्होंने बेटी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। सुखराम मुंडा ने कहा कि उनके परिवार की कोई स्थायी आमदनी नहीं होने के कारण आर्थिक स्थिति बहुत खराब है इसलिए उनके नाम एनएच 75ई में एक पेट्रोल पंप दिया जाए। उनके गांव में चिकित्सा व्यवस्था नहीं है, स्वास्थ्य केंद्र तो है लेकिन चिकित्सक नहीं आते हैं। इसकी व्यवस्था की जाए। उनका गांव उलीहातू एक ऐतिहासिक स्थल है, उसकी सुंदरीकरण की जाए। इसके साथ ही उन्होंने अपने पोतों की अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में निश्शुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने की भी मांग की है।

---

धरती आबा बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा ने बुधवार को मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम पत्र सौंपे हैं। उनकी कई मांगे राज्य सरकार स्तर के हैं। पत्र को मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए अग्रसारित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर की मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

शशि रंजन, उपायुक्त, खूंटी

chat bot
आपका साथी