कार्य योजनाओं का रोड मैप तैयार किया जाए : अर्जुन मुंडा

जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति दिशा की बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडाप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 06:57 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 06:57 PM (IST)
कार्य योजनाओं का रोड मैप तैयार किया जाए : अर्जुन मुंडा
कार्य योजनाओं का रोड मैप तैयार किया जाए : अर्जुन मुंडा

खूंटी : जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति 'दिशा' की बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडाप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के संबंध में बिदुवार समीक्षा कर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, तोरपा विधायक कोचे मुंडा, तमाड़ विधायक विकास मुंडा, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के दौरान जिले में चल रहे विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि अगली बैठक में कार्य योजनाओं का रोड मैप तैयार किया जाए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में जो भी आवश्यक होगा उसका उचित विश्लेषण किया जा सके। उन्होंने कहा कि मूल रूप से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने के बाद ही योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा सकता है। मौके पर उपायुक्त शशि रंजन ने विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही बैठक में विभिन्न योजनाओं के तहत जिले में हुए विकास कार्यों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।

बैठक के दौरान विभागों द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष की सारी योजनाओं को ससमय पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उप विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने मनरेगा अंतर्गत चालू योजनाओं व सभी अन्य योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निश्चित समय सीमा के अंदर पूर्ण करवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उप विकास आयुक्त द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिला अंतर्गत कार्यों की विवरणी दी गई। इस संबंध में आ रही समस्याओं के विषय पर उपस्थित विधायक व जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। उपायुक्त द्वारा बताया गया कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लोगों को प्रधानमंत्री आवास से लाभान्वित किया जा सके, इसके लिए सुदूर क्षेत्रों में अभियान चलाकर प्रयास जारी हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के कर्रा प्रखंड में मनरेगा बाड़ी को विकसित किया जा रहा है। इसमें सखी मंडल की दीदियों को जोड़कर उन्हें हर स्तर पर लाभ दिलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

---

विकास की अवधारणा को सुचारू रूप प्रदान करना हमारा उद्देश्य

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा संविधान समस्त कानूनों का मातृत्व कानून है। संविधान की उद्देशिका एवं प्रावधानों का अक्षरश: अनुपालन करें। आज का दिन शपथ लेने का दिन है कि हम सब देश के लोकतंत्र की मजबूती के लिए काम करें। इसके साथ ही उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा की अहम भागीदारी व उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते उनके योगदान के संबंध में बताया। उन्होंने कहा कि खूंटी एक ऐतिहासिक जिला है और आवश्यकता इस बात की है कि हम प्रशासनिक और पारंपरिक व्यवस्था का उचित समायोजन कर धरातल पर विकास कार्यों को उचित रूप प्रदान करें। समस्याओं के समाधान के रास्तों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। साथ ही निर्धारित लक्ष्य को ससमय गुणवत्तापूर्ण संपन्न कराना हमारा कर्तव्य है।

chat bot
आपका साथी