बाधाओं को बनाएं चुनौती, तब मिलेगी सफलता : एसडीएम

अनुमंडल पदाधिकारी सैयद रियाज अहमद की अगुवाई में मंगलवार को बिरसा कालेज खूंटी में आयोजित ओरियंटेशन कार्यक्रम में हरक्यूलस सिंह मुंडा ने अपने अनुभव साझा किए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 09:49 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 09:49 PM (IST)
बाधाओं को बनाएं चुनौती, तब मिलेगी सफलता : एसडीएम
बाधाओं को बनाएं चुनौती, तब मिलेगी सफलता : एसडीएम

जागरण संवाददाता, खूंटी : अनुमंडल पदाधिकारी सैयद रियाज अहमद की अगुवाई में मंगलवार को बिरसा कालेज खूंटी में आयोजित ओरियंटेशन कार्यक्रम में हरक्यूलस सिंह मुंडा ने अपने अनुभव साझा किए। खूंटी के हरक्यूलस का चयन मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत किया गया है, जो उच्च शिक्षा के लिए सरकारी खर्चे पर यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन में दाखिला लेंगे।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सैयद रियाज अहमद ने छात्र-छात्राओं से सीधी बात कर उन्हें बेहतर शिक्षा की दिशा में अग्रसर करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारण करते हुए पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने अपने जीवन की संघर्ष गाथा विद्यार्थियों से साझा की और कहा कि किस तरह बेहतर अध्ययन के बल पर वे आइएएस की परीक्षा में सफल हुए। संघर्ष सबके जीवन में है, उन्हीं संघर्षों के बीच से अपनी राह बनानी है। उन्होंने बताया कि लगातार विफलताओं से भी उन्होंने हार नहीं मानी। बाधाओं को चुनौती बनाए तभी सफलता मिलेगी।

समय का महत्व समझें एवं लक्ष्य निर्धारित करें : हरक्यूलस

कार्यक्रम के दौरान हरक्यूलस ने बताया कि मेहनत के बल पर आप किसी भी क्षेत्र में ऊंचाईयों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि हार से घबराना नहीं, बल्कि जीत की ओर और भी विश्वास से अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिला एवं उच्च शिक्षा के लिए यूनाइटेड किगडम जाने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अपनी भाषा को अपनी पहचान बनाया और अब उन्हें विदेश जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिल रहा है। छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि समय का महत्व समझते हुए अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और उसे पूर्ण करने के लिए सभी संभव प्रयास करें।

इस दौरान छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्न-उत्तर सत्र का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपने प्रश्नों व जिज्ञासाओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा कॉलेज की प्राचार्य द्वारा हरक्यूलस सिंह मुंडा को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।

chat bot
आपका साथी