हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें : उपायुक्त
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें। हमारे चारों ओर का कवच पर्यावरण है। वातावरण का संतुलित होना ही सुरक्षित पर्यावरण की नींव है। यहां की जनजाति प्रकृति पूजक है। जल जंगल और जमीन खूंटी की संस्कृति का आधार है। हमारे ग्रामीण क्षेत्र के लोग जागरूक और समझदार हैं।
खूंटी : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें। हमारे चारों ओर का कवच पर्यावरण है। वातावरण का संतुलित होना ही सुरक्षित पर्यावरण की नींव है। यहां की जनजाति प्रकृति पूजक है। जल, जंगल और जमीन खूंटी की संस्कृति का आधार है। हमारे ग्रामीण क्षेत्र के लोग जागरूक और समझदार हैं। यह बात उपायुक्त सूरज कुमार ने शुक्रवार को कही। वे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत के तत्वावधान में स्थानीय टाउन हाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उपायुक्त ने जिलेवासियों को पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संदेश देते हुए कहा कि कोरोना ने पूरे विश्व की दिशा और दशा को बदल दिया है। आपदा की इन परिस्थितियों में हर व्यक्ति को सजग और सतर्क रहने की आवश्यकता है। बहुत ही जरूरी हो तो ही घरों से निकलें। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत जिले में महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित हैं। इसके तहत ''पानी रोको पौधा रोपो'' अभियान चलाया जा रहा है।
उप विकास आयुक्त अरविद कुमार मिश्र ने कहा कि वर्तमान में हमें धरातल पर अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की आवश्यकता है, ताकि हमारा पर्यावरण साफ व स्वच्छ रह सके। नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन व उपाध्यक्ष राखी कश्यप ने जिलेवासियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के संदेशों को साझा किया।
इस दौरान उपायुक्त ने नगर पंचायत को चार फॉगिग मशीन भेंट की। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में साफ-सफाई और स्वच्छता की दिशा में हमारा ये प्रयास निश्चित ही लाभकारी सिद्ध होगा। हमारी प्राथमिकता है कि हम स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। मौके पर उपायुक्त ने नगर भवन परिसर में फलदार पौधा लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि आज के दिन सभी अपने-अपने घरों में एक पेड़ अवश्य लगाएं। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती ने भी पौधा लगाया। मौके पर डीएफओ निरंजन प्रसाद देव, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद अनूप कुमार साहू, पार्षद सोनू कुमार, अलका देवी, कंचनमाला, विमला देवी, सोनामती देवी आदि उपस्थित थे। वहीं समाहरणालय परिसर में भी पौधारोपण किया गया।