शिक्षा के प्रति अभिभावकों व शिक्षकों को भी रहना होगा सजग

शिक्षा के प्रति हमारे साथ-साथ सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी सजग रहना होगा तभी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया जा सकता है। मैं इसके लिए प्रतिबद्ध हूँ। आप सभी हमारा साथ दें।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 09:16 PM (IST) Updated:Wed, 19 Feb 2020 06:22 AM (IST)
शिक्षा के प्रति अभिभावकों व शिक्षकों को भी रहना होगा सजग
शिक्षा के प्रति अभिभावकों व शिक्षकों को भी रहना होगा सजग

कर्रा : शिक्षा के प्रति हमारे साथ-साथ सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी सजग रहना होगा, तभी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया जा सकता है। मैं इसके लिए प्रतिबद्ध हूं। आप सभी हमारा साथ दें। हम गुणात्मक शिक्षा के लिए और बेहतर कार्य करेंगे। यह बात राज्य के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने कही। वे कर्रा प्लस टू उच्च विद्यालय में स्कूल बैग वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड में बहुत सारे निजी विद्यालय फल फूल रहे हैं। हमें इस तरह का कार्य करना है कि निजी विद्यालय से बेहतर हमारे सरकारी विद्यालय हों। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। झारखंड की सरकार शिक्षा के प्रति काफी गम्भीर है। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यक्रम पूर्व से तमाड़ में  निर्धारित था, किन्तु कार्यक्रम में आंशिक संशोधन कर हम कर्रा आ गए। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद खूंटी जिले में पहली बार मेरा कर्रा प्रखंड का दौरा हुआ है। सभी अधिकारियों व शिक्षकों से मेरा आग्रह है कि सभी अपने अपने कार्य को ईमानदारीपूर्वक करें। मुझसे जितने सहयोग की उम्मीद करते हैं मैं उसे पूरा करने का हरसंभव प्रयास करूंगा। मंत्री ने कहा कि सभी शिक्षक विद्यालय समय पर खोलें एवं बच्चों के पठन पाठन पर विशेष ध्यान दें। वहीं मध्याह्न भोजन की राशि विद्यालय में ऋणात्मक होने की शिकायत शिक्षकों ने की। इस पर उन्होंने अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी भी सूरत में विद्यालय को राशि उपलब्ध कराई जाए। विद्यालय में मध्याह्न भोजन बंद नहीं होना चाहिए। इस बिन्दु पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि दो दिनों के अंदर राशि विद्यालय को उपलब्ध करा दिया जाएगा। आप सभी शिक्षक बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। समय से विद्यालय खोलना सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत बच्चों को कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी बच्चों को निश्शुल्क बैग दिया जा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अरुणा नाथ ने स्वागत भाषण दिया। जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ. महेंद्र पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्रा कुमार देवेश द्विवेदी व क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण सिन्हा ने भी संबोधित किया। मौके पर विद्यालय की बच्चियों ने स्वागत गीत गाकर मंत्री का स्वागत किया। वहीं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहू ने प्रेमचन्द की लिखी पुस्तक भेंट की। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड में 11756 विद्यार्थियों को स्कूली बैग वितरित किया जाना है।

आज के इस कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहू ने किया। सभा का संचालन रवि प्रकाश सोनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मनमोहन साहू ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में लेखापाल मुकश कुमार जयसवाल, प्रखंड साधनसेवी राजेश प्रसाद, सूर्यकान्त कुमार, संदीप सिंह, आलोक कुमार, सुजीत कुमार पाढी़, कमला प्रभा, प्रेमलता, रीना कुमारी तथा सभी संकुल साधनसेवी का योगदान रहा। मौके पर जेएमएम जिला उपाध्यक्ष मकसूद अंसारी, परवेज खान, महादेव मुंडा, महफूज आलम, दिनेश मरांडी, महेन्द्र व प्रखंड अध्यक्ष शेख फिरोज समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी