तोरपा प्रखंड में हाथियों को उत्पात जारी

तोरपा प्रखंड क्षेत्र की ग्रामीण बस्तियों में हाथियों का उत्पात जारी है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 01:16 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 06:23 AM (IST)
तोरपा प्रखंड में हाथियों को उत्पात जारी
तोरपा प्रखंड में हाथियों को उत्पात जारी

संवाद सूत्र, तोरपा : प्रखंड क्षेत्र की ग्रामीण बस्तियों में हाथियों का उत्पात जारी है। हाथियों का झुंड हर दिन किसी न किसी बस्ती में जाकर घर तोड़ रहा है और फसल बर्बाद कर रहा है। इससे ग्रामीण रतजगा करने के लिए मजबूर हो गए हैं। इसी क्रम में गत बुधवार की देर रात हाथियों ने फटका पंचायत के गुटुहातु में लक्ष्मण महतो के एक एकड़ खेत में लगी तरबूज की खेती को नष्ट कर दिया। साथ ही जामटोली के बिरसा जोहन तोपनो के घर को तोड़कर घर में रखे अनाज को खा गए। रात में घर में सो रहा जोहन का परिवार हाथियों के हमले में बाल-बाल बचा। जब इसकी जानकारी जिप अध्यक्ष जोनिका गुड़िया को मिली तो उन्होने घटना स्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दूरभाष पर डीएफओ निरंजन देव से बात कर भुक्तभोगियों को मुआवजा दिलाने की मांग की।

वहीं तपकरा मुखिया सुदीप गुड़िया, भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष नीरज पाढ़ी, करन रजक व विजय गुड़िया ने भी प्रशासन से मदद की मांग की है। इस बारे में विजय गुड़िया ने बताया कि हाथियों के गांव में आने के बावजूद वन विभाग की ओर से मदद नहीं मिलने के कारण लोग रात होते ही दूसरे गांवों में जाकर शरण ले रहे हैं। गांव के अधिकतर परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर आजीविका चलाते हैं। लॉकडाउन के चलते उन्हें काम नहीं मिल रहा है। हाथियों के कारण उनकी चिता और बढ़ गई है। इस संबंध में वन विभाग को सूचित किए जाने के बाद भी हाथियों को खदेड़ने के लिए कोई नहीं आया। ऐसे में शाम होते ही परिवार के लोग घर छोड़ कर अन्यत्र शरण लेने का विवश हैं।

chat bot
आपका साथी