शहर में शुरू हुई पेयजलापूर्ति, लोगों ने जताया हर्ष

खूंटी के शहरी क्षेत्र में शनिवार सुबह से शहर में पेयजलापूर्ति फिर से बहाल कर दी गई। पेयजल आपूर्ति बहाल होने पर पानी के लिए परेशान शहरवासियों में हर्ष व्याप्त हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 09:46 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 09:46 PM (IST)
शहर में शुरू हुई पेयजलापूर्ति, लोगों ने जताया हर्ष
शहर में शुरू हुई पेयजलापूर्ति, लोगों ने जताया हर्ष

खूंटी : खूंटी के शहरी क्षेत्र में शनिवार सुबह से शहर में पेयजलापूर्ति फिर से बहाल कर दी गई। पेयजल आपूर्ति बहाल होने पर पानी के लिए परेशान शहरवासियों में हर्ष व्याप्त हो गया। इसके लिए लोगों ने विधायक सहित उपायुक्त व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के प्रति आभार जताया है। विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने जलापूर्ति को लेकर विशेष पहल करते हुए उपायुक्त से बात की थी। उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर तजना बीयर एवं फिल्ट्रेशन प्लांट की सफाई तेजी के साथ की गई। तजना बीयर में सफाई का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। एक-दो दिनों में बीयर की सफाई पूरा होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि तजना बीयर में गाद की मोटी परत जमी होने के कारण इस बार गर्मी के प्रारंभ में ही बीयर सूख गया था। इस स्थिति में तजना जलापूर्ति केंद्र से शहर में होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई थी। गर्मी के प्रारंभ में ही जलापूर्ति ठप हो जाने से शहर में गंभीर जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। शहर में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच उत्पन्न जल संकट की स्थिति से शहरवासी परेशान थे। नगर पंचायत द्वारा टैंकरों से की जा रही जलापूर्ति नाकाफी साबित हो रही थी। दोहरे संकट की इस घड़ी में विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा आगे आए और जल संकट से जूझ रहे मोहल्लों में लगभग एक दर्जन टैंकरों से जलापूर्ति की व्यवस्था कर लोगों को राहत प्रदान किया। इसके साथ ही विधायक ने उपायुक्त शशि रंजन से प्राथमिकता के आधार पर तजना बीयर व फिल्ट्रेशन प्लांट मे जमी गाद की सफाई कराने और ठप पड़े जलापूर्ति को फिर से बहाल करने की बात कही थी। उपायुक्त ने भी मामले को गंभीरता से लिया। उपायुक्त के निर्देश पर तजना बीयर का सफाई कार्य का जिम्मा बड़े कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया। फिल्ट्रेशन प्लांट की सफाई कार्य का मोर्चा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने संभाला। एक सप्ताह तक सफाई कार्य संचालित कर फिल्ट्रेशन प्लांट की सफाई कार्य शत प्रतिशत पूरी कर ली गई। इस बार पहली बार फिल्ट्रेशन प्लांट की ऐसी सफाई की गई है, जो संभवत: निर्माण के बाद कभी नहीं हुई होगी। इस अच्छे काम के लिए उपायुक्त ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की सराहना भी की। फिल्ट्रेशन प्लांट का सफाई कार्य पूरा होने के बाद शनिवार सुबह से शहर में पेयजल आपूर्ति फिर से बहाल कर दी गई। दूसरी ओर तजना बीयर की सफाई जैसे हुआ है, उससे यह संभावना है कि अगले कुछ वर्षों तक शहर वासियों को जल संकट की समस्या से निजात मिल सकती है।

chat bot
आपका साथी