प्रबल इच्छाशक्ति और एकजुट प्रयासों से विकास को मिलेगी गति : मंत्री

पानी रोको पौधा रोपो अभियान की शुरुआत खूंटी जिले से की गई है। ग्रामीणों की संगठित ऊर्जा को देखते हुए निश्चित ही अब विकास का पथ प्रशस्त होगा। प्रबल इच्छाशक्ति और एकजुट प्रयासों से विकास को गति मिलेगी। यह बात राज्य के ग्रामीण विकास विभाग सह संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कही।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 07:16 PM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 07:16 PM (IST)
प्रबल इच्छाशक्ति और एकजुट प्रयासों से विकास को मिलेगी गति : मंत्री
प्रबल इच्छाशक्ति और एकजुट प्रयासों से विकास को मिलेगी गति : मंत्री

खूंटी : 'पानी रोको पौधा रोपो' अभियान की शुरुआत खूंटी जिले से की गई है। ग्रामीणों की संगठित ऊर्जा को देखते हुए निश्चित ही अब विकास का पथ प्रशस्त होगा। प्रबल इच्छाशक्ति और एकजुट प्रयासों से विकास को गति मिलेगी। यह बात राज्य के ग्रामीण विकास विभाग सह संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कही। वे सोमवार को कर्रा प्रखंड के घुंसुली पंचायत अंतर्गत गुनी ग्राम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम 'पानी रोको पौधा रोपो' अभियान के शुभारंभ के अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हर स्तर पर आमजनों को लाभान्वित करना हमारा उद्देश्य है। इन योजनाओं के माध्यम से राज्य में प्रतिदिन 10 लाख मानव दिवस के सृजन के साथ-साथ जल एवं मृदा संरक्षण कार्यों का क्रियान्वयन किया जा सकेगा। इससे जहां एक ओर हम बड़ी आबादी को रोजगार दे सकेंगे वहीं दूसरी ओर जल एवं मृदा संरक्षण कार्यों से गांव का पानी गांव में एवं खेत का पानी खेत में रहेगा। जिले के प्रत्येक गांव एवं टोला में वर्षा जल का संरक्षण कर भूजल को रिचार्ज करने में सफल हो सकेंगे। उपरोक्त उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए प्रत्येक पंचायत में औसतन 200 हेक्टेयर (500 एकड़) अपलेंड पर टीसीबी फील्ड बंडिग का कार्य इस वित्तीय वर्ष में संपादित किया जाना है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गांव एवं टोला में कम से कम पांच योजनाएं संचालित की जानी हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के कारण विभिन्न राज्यों व जिलों में फंसे प्रवासी मजदूर अपने गृह जिले वापस आ रहे हैं। इसके तहत सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक कार्य का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को निश्चित ही इस सक्रिय प्रयास से सीधा लाभ मिलेगा। हम अपने गांव और अपने श्रम से आत्मनिर्भर जीवन की ओर कदम बढ़ाएंगे। खूंटी जिले के ग्रामीणों का यह उत्साह देखकर प्रतीत होता है कि विकास की गति अब नहीं रुकेगी। साथ ही खूंटी जिला पूरे राज्य के लिए सही उदाहरण बनकर उभरेगा।

सभा समाप्त होने के बाद मंत्री ने कुदाल चलाकर 'पानी रोको पौधा रोपो' अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ मनरेगा आयुक्त सहित जिले के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर इस महत्वाकांक्षी अभियान को गति देने का संदेश प्रेषित किया। मौके पर अपर मनरेगा आयुक्त मनीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त अरविद कुमार मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकृष्णा चौधरी, युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वेदप्रकाश मिश्रा एवं सयूम अंसारी सहित जिलास्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------

जागरूक हों, तभी मिलेगा योजनाओं का लाभ : मनरेगा आयुक्त

मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब हर व्यक्ति जागरूक हो। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति को समझते हुए आगे बढ़ने की आवश्यकता है, ताकि हम सब एकजुट होकर विकास की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का अत्यधिक संचयन करना, जमीन में नमी की मात्रा को बढ़ाना, जल संरक्षण की विभिन्न संरचनाओं का निर्माण करने की आवश्यकता है। उन्होंने सखी मंडल की दीदियों की प्रसंशा करते हुए कहा कि दीदियों ने ग्रामीणों को अपने हित के लिए जागरूक बनने की राह दिखाई है।

----------------

जलस्तर के प्रति सजग व जागरूकता की जरूरत : डीसी

अपने स्वागत भाषण में उपायुक्त सूरज कुमार ने कहा कि खूंटी जिला आज गौरवान्वित है कि आज यहां से राज्यस्तरीय कार्यक्रम 'पानी रोको पौधा रोपो' अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान गांव-गांव तक आत्मनिर्भर जीवन का संदेश देने में सहायक सिद्ध होगा। हमें भी वर्षा जल के संचयन के लिए मिलकर काम करना होगा। वर्षा जल का संचयन कर हम जलस्तर को बढ़ा सकते हैं। हमें जलस्तर के प्रति सजग व जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खूंटी जिला इन विपरीत परिस्थितियों में भी एकजुट होकर सकारात्मक वातावरण का निर्माण करने में सफल रहा है। कोविड-19 महामारी से बचाव की दिशा में हरसंभव प्रयास किये गए हैं। इसमें आमजनों का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है। आमजनों के जागरूक ²ष्टिकोण के साथ सरकार द्वारा लायी गयी इन महत्वकांक्षी योजनाओं को निश्चित ही सफल रूप प्रदान किया जाएगा।

-----------------------

मंत्री ने ग्रामीणों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मंत्री आलमगीर आलम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्हें सखी मंडल की दीदियों ने बताया कि महिलाएं अब आत्मविश्वास से लबरेज हैं। सरकार के सहयोग से उन्हें एक नए जीवन की राह मिली है। वहीं अन्य ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास के लिए सरकार द्वारा लायी गयी इन योजनाओं का सीधा लाभ हमें मिलेगा। विकास के लिए हम सरकार के साथ हैं। कुछ किसानों ने बताया कि ग्रामसभा मे योजनाओं के विषय में व इससे जुड़े लाभ के बारे में उन्हें अवगत कराया जा चुका है। मंत्री ने ग्रामीणों से उनके कल्याणार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

chat bot
आपका साथी