तोरपा में अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल

तोरपा से रांची की ओर से जा रही तेज रफ्तार फॉ‌र्च्यूनर कार मंगलवार को छाता नदी के पास अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 09:30 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 09:30 PM (IST)
तोरपा में अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल
तोरपा में अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल

तोरपा : तोरपा से रांची की ओर से जा रही तेज रफ्तार फॉ‌र्च्यूनर कार मंगलवार को छाता नदी के पास अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार के चालक की मौत हो गई व कार पर सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। मृतक चालक की पहचान रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के मधुकम के रहने वाले अभिषेक के रूप में हुई है। वहीं, दोनों घायल शिवम चौधरी 22 वर्ष और नितेश ठाकुर 23 वर्ष भी मधुकम के ही रहने वाले हैं। हादसे की जानकारी मिलते सीओ सच्चिदानंद वर्मा व पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल भेजा। अस्पताल में चालक अभिषेक की मौत हो गई। वहीं, दोनों घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार टोयटा फॉ‌र्च्यूनर कार नंबर जेएच01एए-0101 से शिवम चौधरी अपनी बहन को रांची से छोड़ने के लिए तोरपा खसुवा टोली आया था। छोड़ने के बाद सभी वापस रांची मधुकम जा रहे थे। जाने के क्रम में ही छाता नदी से ठीक पहले मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर लगभग 12 फीट उड़ते हुए नीचे नदी में गिरी। कार के नीचे गिरते ही चालक कार से दूर जा गिरा और नितेश व शिवम कार में फंसे रहे, जिसे राहगीरों ने बाहर निकाला। दुर्घटनाग्रस्त कार पर सवार तीनों युवक नशे में थे। घायल युवकों को कार से बाहर निकालने वालों ने बताया कि सभी के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। लोगों ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में भी था। तोरपा में लगने वाले मंगल बाजार में भीड़भाड़ वाले स्थानों से गुजरते वक्त भी कार काफी तेज चला रहा था इसके कुछ दूर जाने के बाद हादसा हुआ।

chat bot
आपका साथी