ग्रामीणों ने शादीशुदा प्रेमी युगल पर तालिबानी कार्रवाई की

जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव के सिमरटोला के ग्रामीणों ने गुरुवार रात को

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 07:38 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 07:38 PM (IST)
ग्रामीणों ने शादीशुदा प्रेमी युगल पर तालिबानी कार्रवाई की
ग्रामीणों ने शादीशुदा प्रेमी युगल पर तालिबानी कार्रवाई की

जामताड़ा : सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव के सिमरटोला के ग्रामीणों ने गुरुवार रात को प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हालत में पकड़ कर उनकी काफी फजीहत की। पहले एक ही रस्सी से दोनों को बांधा गया। फिर उन्हें खंभे से बांधा गया। ग्रामीणों की भीड़ में शामिल एक-दो लोगों ने उनकी पिटाई भी कर दी। आधी रात में मानवता को शर्मसार करनेवाली इस तालिबानी कार्रवाई के बाद दोनों की निकाह भी करवा दी गई। दोनों प्रेमी युगल पूर्व से शादीशुदा हैं और दोनों तीन-तीन बच्चे के माता-पिता हैं। इसके पूर्व ग्रामीणों ने तीन बार दोनों को अपमानजनक स्थिति में पकड़ा था। दुबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। दोनों एक ही समुदाय के हैं।

महिला का पति केरल में मार्बल मिस्त्री का काम करता है और कई महीनों से घर नहीं आया। इसी दौरान महिला का संबंध एक अन्य पुरुष से हो गया। दोनों एक-दूसरे से लगातार मिलते रहे। चेंगायडीह गांव के मोहम्मद इब्राहिम के इस अवैध संबंध के बारे में गांववालों को भनक लगी। इसी बीच गुरुवार रात को ग्रामीणों ने दोनों को महिला के घर में ही रंगेहाथों पकड़ लिया। उसके बाद देर रात तक ग्रामीण दोनों को खंभे से बांधकर पिटाई की।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला को उसके ही घर में दूसरे पुरुष के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। उसके बाद दोनों को खंभे से बांधकर रखने के बाद देर रात में निकाह करवा दी गई। बाद में पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर शुक्रवार सुबह पुलिस वहां पहुंची पर प्राथमिकी के लिए कोई आगे नहीं बढ़ा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में पंचायत बैठाकर प्रेमी युगल को एक साथ रहने का फैसला सुनाया गया। बाद में ग्रामीणों ने महिला को प्रेमी के हवाले कर दिया। इस सिलसिले में जामताड़ा टाउन थाने में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

chat bot
आपका साथी