भारत बंद को सफल बनाने को शहर में निकला मशाल जुलूस

जामताड़ा विपक्षी पार्टियों व संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केंद्र की नीतियों के खिलाफ सो

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 09:34 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 09:34 PM (IST)
भारत बंद को सफल बनाने को शहर में निकला मशाल जुलूस
भारत बंद को सफल बनाने को शहर में निकला मशाल जुलूस

जामताड़ा : विपक्षी पार्टियों व संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केंद्र की नीतियों के खिलाफ सोमवार को प्रस्तावित भारत बंद को सफल बनाने की तैयारी यहां दलों व संगठनों ने पूरी कर ली है। रविवार देर शाम गांधी मैदान सुभाष चौक से इंद्रा चौक तक में मशाल जुलूस निकालकर भारत बंद के सफल बनाने का समर्थन जनता से मांगा गया।

वक्ताओं ने कहा कि तीनों कथित किसान विरोधी काला कानून रद करने, बिजली संशोधन बिल 2020 को वापस लेने, एमएसपी पर कानून बनाने के लिए विगत 10 माह से देश के किसान आंदोलित हैं। उन्हीं के तीनों काले कानूनों के विरोध में घोषित बंद को सफल करने के लिए यह मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, सीपीआइएम, सीपीआइएमएल, राजद सहित सभी गैर भाजपा पार्टियां शामिल हुई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुक्ता मंडल के नेतृत्व में इरशाद उल हक, अजीत दुबे, अशोक नायक, मुख्तार अंसारी, विनोद क्षत्रिय, सीपीआइएम के सुरजीत सिन्हा, सुजीत माझी, अनूप सरखेल, सीपीआइएमएल के जयप्रकाश मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। पूरे जामताड़ा शहर में बंद को सफल करने की अपील लोगों से की। बाजार-प्रतिष्ठान को बंद रखने का आह्वान किया। ताकि कृषि प्रधान देश में किसानों की समस्याओं को समाधान होने के उपरांत देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके। इन्हीं आशाओं के साथ आज आम जनता से अपील करते हुए मशाल जुलूस को इंद्रा चौक में समाप्त किया गया।

इधर झामुमो ने मशाल जुलूस निकालकर बंद का समर्थन किया। रविवार देर शाम दुमका रोड यज्ञ मैदान स्थित झामुमो जिला कार्यालय परिसर से इंदिरा चौक होते हुए पूरे बाजार, स्टेशन रोड आदि जगहों से गुजरते हुए नारा लगाया गया। कृषि बिल वापस लो, काला कानून वापस लो, महंगाई को खत्म करो, गरीबों पर जुल्म करना बंद करो आदि नारे सड़कों पर लगाए गए। झामुमो जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेंब्रम ने कहा कि किसान आंदोलन के 300 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। केंद्र सरकार किसानों की बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं है। किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को तत्पर रहने का आह्वान किया। आगे आरोप लगाते हुए कहा कि किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ 27 सितंबर को भारत बंद का झामुमो पुरजोर समर्थन करता है। जुलूस में झामुमो केंद्र कमेटी के सदस्य अशोक मंडल, आनंद टूटू, असीत मंडल, देवाशीष मिश्र, प्रोफेसर कैलाश प्रसाद, रिजवान शेख, रहीम अंसारी, मदन मरांडी, वासुदेव मरांडी, अमित मंडल, सादिक अंसारी, सुधांशु शेखर, राजू तुरी, जसीम अंसारी, सलिल रमन, सूरज रवानी आदि झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी