अब ग्रामीण ही तैयार करेंगे पंचायतों में विकास का खाका

जामताड़ा नागरिक चार्टर समाज के सर्वागीण विकास के लिए आवश्यक है। सुशासन के तीन महत्वपूण

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 06:29 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 06:29 PM (IST)
अब ग्रामीण ही तैयार करेंगे पंचायतों में विकास का खाका
अब ग्रामीण ही तैयार करेंगे पंचायतों में विकास का खाका

जामताड़ा : नागरिक चार्टर समाज के सर्वागीण विकास के लिए आवश्यक है। सुशासन के तीन महत्वपूर्ण स्तंभ में प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और उत्तरदायित्व सम्मिलित है। सिटीजन चार्टर के सिद्धांतों को लागू करने और नागरिकों और सरकार के मध्य अंतर को कम करने में मदद करने के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण है। शुक्रवार को स्थानीय जिला परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित एक दिवसीय नागरिक चार्टर कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अनिलसन लकड़ा ने ये बातें कही। उन्होंने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि अब ग्राम पंचायतों के विकास का खाका और उसे कितने समय में पूरा किया जाएगा, ग्रामीण ही तय करेंगे। इसके लिए राज्य पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों में मेरी पंचायत, मेरा अधिकार, जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिसमें ग्रामीणों की राय के आधार पर ग्रामीण अंचलों का सिटीजन चार्टर बनाना है। इस अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सिटीजन चार्टर मेरी पंचायत, मेरा अधिकार, जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान पर चर्चा करते हुए ग्राम पंचायत से मिलनेवाली सेवाओं के सिटीजन चार्टर को अंतिम रूप देने पर फैसला किया जाएगा। ग्राम विकास की योजना तैयार करते समय अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अन्य कमजोर वर्गो के लोगों के उत्थान को भी ध्यान में रखना होगा। उप विकास आयुक्त द्वारा अभियान के उद्देश्य की चर्चा करते हुए कहा कि पंचायत से मिलनेवाली सार्वजनिक सेवाओं के मानकों के बारे में नागरिकों को जागरूक करना व सेवाएं प्रदान करना है जिसके वे हकदार हैं। पंचायत के नियमों व प्रक्रियाओं के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, पंचायत को नागरिकों के प्रति जवाबदेही बनाना, सेवा वितरण में अपेक्षित मानकों को पूरा नहीं करने पर शिकायत निवारण तंत्र के लिए अवसर प्रदान करना।

मौके पर जिला पंचायती राज्य पदाधिकारी जावेद अनवर इदरीसी ने कहा कि मेरी पंचायत, मेरा अधिकार, जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार करने की जरूरत है ताकि लोगों को इस अभियान की जानकारी हो सके और जन कल्याणकारी योजना का लाभ ले सकें। अभियान के तहत जिलास्तर से सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के आयोजन का कार्यक्रम तय किया जाएगा। सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से आयोजन से एक सप्ताह पूर्व सूचना दी जाएगी जिसमें ग्राम सभा की तिथि, समय, स्थान और सूची का उल्लेख किया जाएगा।

इस कार्यशाला में जिला भूअर्जन पदाधिकारी अंजना दास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी विकास तिर्की, कोषागार पदाधिकारी प्रधान मांझी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार राम, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता सुरेंद्र कुमार दिनकर, डा. चंद्रशेखर आजाद, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी अभय पराशर, डीपीएम राहुल कुमार सिंह, सैमुअल कश्यप आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी