अपहृत सागर के स्वजनों से मांगी चार लाख की फिरौती

संवाद सूत्र करमाटांड़ (जामताड़ा) जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र साइबर अपराध के

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 07:01 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 07:01 PM (IST)
अपहृत सागर के स्वजनों से मांगी चार लाख की फिरौती
अपहृत सागर के स्वजनों से मांगी चार लाख की फिरौती

संवाद सूत्र, करमाटांड़ (जामताड़ा): जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र साइबर अपराध के बाद अब लूट- डकैती व अपहरण से जुड़े अपराधियों का भी गढ़ बनता जा रहा है। अपराधी करमाटांड़ के विभिन्न गांवों में युवाओं को निशाना बना रहे हैं। फिरौती के लिए उनका अपहरण किया जा रहा है । यह अलग तथ्य है कि अपहर्ता अपहृत के तौर पर साइबर ठगी से अकूत संपत्ति कमाने वाले लोगों को चुन रहे हैं। हाल में ऐसी कई घटनाएं हुई । उसके बाद सोमवार रात को सागर मंडल का अपहरण कर लिया गया। बुधवार शाम तक वह मुक्त नहीं हो पाया था। मामले में फिरौती की मांग भी की गई है।

जानकारी के मुताबिक करमाटांड़ क्षेत्र में लगातार पुलिस के वेश में दो अलग-अलग जगहों पर डकैती कांडों को 12 दिन के अंदर अंजाम दिया गया। उसका भी खुलासा नहीं हो पाया है। दो डकैती कांडों से क्षेत्र में दहशत का माहौल पहले से बना था। इस बीच सोमवार देर रात को सिकरपोसनी के महेशपुर में एक को अगवा कर लिया गया। महेशपुर गांव से दो चार पहिया वाहन से आये करीब 8-10 अपराधियों ने 26 वर्षीय युवक सागर मंडल उर्फ छोटू का अगवा किया।

अपहृत की पत्नी ममता देवी ने बताया कि चार-पांच लोग खुद को पुलिस बता कर घर में घुसे। सभी पुलिस वर्दी में थे। पहले दरवाजा खुलवा कर घर का सामान इधर- उधर करने लगा। विरोध करने पर पति सागर मंडल को जबरन पकड़ कर ले गए। मंडल को अपने साथ ले गए। दूसरे दिन इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। थाना प्रभारी रजनीश आनंद पुलिस बल के साथ सागर के घर जाकर परिजनों से पूछताछ की। सूत्रों की मानें तो सागर मंडल के अपहरणकर्ताओं ने फिरौती मांगी है। हालांकि इस संबंध में पुलिस व स्वजन कुछ बताने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि फिरौती चार लाख रुपये मांगी गई है। पुलिस उस मोबाइल के लोकेशन के आधार पर अनुसंधान की लाठी पीठ रही है जिससे फिरौती मांगी है। हालांकि 36 घंटे के बाद भी पुलिस अपराधियों तक पहुंच नहीं पाई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अपराधी बंगाल की सीमा की ओर भागे हुए हैं। इसी 22 अप्रैल की आधी रात को इसी थाना क्षेत्र के रिगोचिगो गांव के भोला मंडल के घर में पुलिस का परिचय देते हुए आठ नकाबपोश अपराधियों ने डकैती की थी। हथियार के बूते बाहर का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किए और घर के अंदर एक घंटा तक लूटपाट के बाद घर के रुपये समेत जेवरात अपने साथ लेकर चलते बने। इस घटना को लेकर करमाटांड़ थाना कांड अंकित किया गया था।

पहली मई की देर शाम सात अज्ञात नकाबपोश पुलिस के नाम पर लाखों रुपया समेत जेवरात की डकैती सिकरपोसनी में की। पुराने बोलेरो में सवार होकर सीकरपोसनी गांव निवासी मुकेश मंडल के घर अपराधी घुसे। मंडल की माता फुलिया देवी उस व्यक्त घर में अकेली थी। सातों नकाबपोशों ने घर में अलमीरा, बक्सा का ताला तोड़कर उसमें रखे सारा सामान अपने साथ ले गए। पीड़िता फुलिया देवी के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड अंकित है।

करमाटांड़ थाना क्षेत्र के लिए ऐसी अपराध की घटना पहली नहीं है। इससे पूर्व भी कई बार अपहरण की घटना घटित हो चुकी है। इसमें अपहृत को पुलिस की दबिश के कारण मुक्ति मिली। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव से 29 दिसंबर 2020 में अपराधियों ने ईंट के भट्ठे के पास सो रहे सगीर अंसारी का अपहरण किया था। अपराधियों ने पुलिस की दबिश के कारण जामताड़ा और काशीटांड के बीच उसे सड़क पर दूसरे दिन छोड़ा था। इसी प्रकार करमाटांड़ थाना के ताराबहाल गांव अपहृत पप्पू मंडल को पुलिस ने सकुशल बरामद किया था। उससे फिरौती दस लाख मांगी गई थी। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं में असीम मोहंती, विजय कुमार और मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया था जिसके बाद अपराध में संलिप्त एक और अपराधी बिक्कू सिंह को पुलिस ने दबोचा था। ताराबाहल गांव के सुकमान अंसारी के घर धावा बोलकर 22 वर्षीय पुत्र अफरोज अंसारी को अपहर्ताओं ने अपहरण किया था। उसे पुलिस की दबिश के कारण मुक्त कर दिया गया था। ताराबहाल के जंगल के पास एक अन्य घटना में अपहरणकर्ताओं ने तीन लोगों को एक ही घर से उठाकर ले गए थे। तीनों को टुंडी के जंगल में रखा गया था। पुलिस जब घेराबंदी की थी तो अपहृत एक-एक कर अपराधियों को चकमा देकर भाग निकले थे।

chat bot
आपका साथी