लंबित मजदूरी मिलने से मनरेगा मजदूर उत्साहित, निर्माण काम को मिली गति

जामताड़ा वैश्विक कोरोना महामारी नियंत्रण को लेकर पिछले डेढ़ साल से चल रहे लॉकडाउन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 04:39 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 04:39 PM (IST)
लंबित मजदूरी मिलने से मनरेगा मजदूर उत्साहित, निर्माण काम को मिली गति
लंबित मजदूरी मिलने से मनरेगा मजदूर उत्साहित, निर्माण काम को मिली गति

जामताड़ा : वैश्विक कोरोना महामारी नियंत्रण को लेकर पिछले डेढ़ साल से चल रहे लॉकडाउन की विषम परिस्थिति में मनरेगा योजना स्थानीय व प्रवासी मजदूर के लिए आर्थिक तंगी के जख्मों में मरहम का काम कर रहा है। आवंटन राशि के अभाव में पिछले डेढ़ माह से मजदूरों के लंबित मजदूरी राशि का भुगतान नहीं हो पाया था। ऐसे में मनरेगा योजना में काम कर रहे स्थानीय व प्रवासी मजदूर के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था। सैकड़ों मजदूर का मनरेगा योजना से मोहभंग हो गया कम मजदूरी पर अन्य जगहों में काम करने को वे विवश हो रहे थे। अब शासन-प्रशासन की सक्रियता से लंबित मजदूरी राशि का भुगतान संबंधित मजदूर के बैंक खाते में कर दिया गया है। इससे मजदूरों में उत्साह है।

मजदूरों को एकमुश्त मिली मजदूरी राशि से अब खरीफ फसल आच्छादित करने में मदद मिलेगी। राशि का भुगतान होते ही मनरेगा से मोहभंग हो चुके मजदूर फिर से मनरेगा योजना में काम करना शुरू कर दिया है। मालूम हो कि जिले में 150155 सक्रिय निबंधित मजदूर हैं। इनमें से 40,000 मजदूर योजनाओं में नियमित रूप से काम कर रहे हैं। धनजोरी के निबंधित मजदूर झुपरा मरांडी, छवि लाल मरांडी, सुरेंद्र मरांडी कहते हैं कि महामारी के कारण गांव स्तर पर मनरेगा योजना में दैनिक मजदूरी का काम कर रहे थे। एक महीना से मजदूरी राशि का भुगतान नहीं होने की स्थिति में किसान के खेतों में कम मजदूरी दर पर काम करना पड़ रहा था एकमुश्त मजदूरी राशि का भुगतान होने से खुशी है। अब वे फिर मनरेगा में काम करेंगे। मनरेगा के कामों को फिर से जिले में गति मिल गई है।

--- वर्जन

मजदूरी राशि भुगतान मद में आवंटन का अभाव होने के कारण भुगतान नहीं किया गया था। आवंटन राशि उपलब्ध होते ही लंबित मजदूरी राशि संबंधित मजदूर के बैंक खाते में उपलब्ध करा दी गई है। योजनाओं में अधिक से अधिक महिला, पुरुष मजदूरों की भागीदारी हो, इसको लेकर पंचायत कर्मी मजदूरों को प्रेरित कर रहे हैं। मनरेगा में काम की कमी नहीं है। भुगतान भी समय पर कराने का प्रयास आगे भी किया जाएगा।

---जावेद अनवर इदरीसी प्रभारी उप विकास आयुक्त।

chat bot
आपका साथी