कृषि प्रदर्शनी में मंत्री ने 75 किसानों को किया सम्मानित

इसी प्रकार मत्स्य विभाग ने 60 प्रतिशत अनुदान पर मालवाहक ऑटो 90 प्रतिशत अनुदान पर मछली बेचने वाला ठेला समेत अन्य उपकरण बांटे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:47 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:47 PM (IST)
कृषि प्रदर्शनी में मंत्री ने 75 किसानों को किया सम्मानित
कृषि प्रदर्शनी में मंत्री ने 75 किसानों को किया सम्मानित

जामताड़ा : रविवार को जामताड़ा महिला महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय कृषि प्रदर्शनी सह संगोष्ठी में 75 किसान पुरस्कृत हुए जबकि एक सौ से अधिक किसानों को गुलाब फूल का पौधा, स्ट्रॉबेरी का पौधा, मधुमक्खी पालन किट, पपीता का पौधा व सब्जी के बीज वितरण किए गए। इसी प्रकार मत्स्य विभाग ने 60 प्रतिशत अनुदान पर मालवाहक ऑटो, 90 प्रतिशत अनुदान पर मछली बेचने वाला ठेला समेत अन्य उपकरण बांटे।

कृषि पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कृषि योग्य भूमि में बहु फसल के विस्तार को लेकर जितने तालाब, कच्चा चेक डैम, डीप बोरिग करने की आवश्यकता होगी, वह सुविधा दी जाएगी। महागठबंधन की सरकार चुनाव पूर्व किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए प्रयासरत है। जनता को धैर्य रखने की आवश्यकता है। पहला कर्ज माफी का वादा था जिसे पूरा करने की अंतिम तैयारी चल रही है। इसके तहत राज्य में सात लाख 84 हजार किसानों का 50 हजार रुपये तक का कृषि ऋण माफ किया जाने की प्रक्रिया पूरी हो रही है। इसके तहत जामताड़ा जिले में 37507 किसानों का कर्ज माफ होगा। मंत्री बादल पत्रलेख ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य का बकाया जीएसटी तथा रॉयल्टी राशि अब तक झारखंड प्रदेश को उपलब्ध नहीं हो पाई। अगर केंद्र सरकार झारखंड सरकार के बकाया राशि का भुगतान कर देती तो राज्य में दो लाख रुपये तक कृषि ऋण बकाया से जुड़े किसानों की था ऋण माफी कर दी जाती। पुस्तकालय के लिए सराहना : मंत्री ने उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की पहल से सभी पंचायतों में खोले जा रहे पुस्तकालय कार्य की प्रशंसा की। कहा उपायुक्त तथा विधायक डॉ. इरफान अंसारी की इस पहल का दूसरे जिले के पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि अनुकरण करेंगे। पंचायत स्तर पर पुस्तकालय खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा।

कोरोना की वजह से विकास थमा : मंत्री बादल पत्रलेख ने तर्क दिया कि कोरोना काल के कारण पिछले 10 माह से केवल झारखंड प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में विकास का पहिया थम गया था। सरकारी तंत्र वैश्विक कोरोना महामारी से लोगों को बचाने में जुटा हुआ था। अब विकास कार्य प्रदेश में शुरू हो चुका है। उनकी प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान के लोगों को जरूरत के अनुसार का लाभ मिले। इसी लक्ष्य के साथ झारखंड में महागठबंधन की सरकार काम कर रही है। विधायक ने बिजली अधिकारियों की खिचाई की : स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने मंत्री के समक्ष बिजली अधिकारियों की खिचाई करते हुए कहा कि यहां पदाधिकारी खुला सांढ़ हो गए हैं। जब जहां मन करे, बिल बकायेदारों का विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दे रहे हैं। मामला दर्ज कर जुर्माना राशि वसूल रहे हैं। उपभोक्ता जिले में परेशान रहेगा और वे मूकदर्शक बने रहेंगे। ऐसा नहीं होगा। आगे कहा जामताड़ा में अधिकांश परिवार का जीविकोपार्जन का स्त्रोत कृषि है। महा गठबंधन सरकार के कृषि मंत्री से किसानों को काफी उम्मीद है। इसलिए मंत्री जामताड़ा जिले में किसान हितकारी योजनाओं की जाल बिछाएं। उपायुक्त तथा मंत्री से कहा कि ऋण माफी योजना के तहत बैंक पदाधिकारी तथा उनके बिचौलिए किसानों को परेशान कर रऐ हैं। किसान परेशान नहीं हो। योग्य किसानों का कर्ज माफ हो। इस दिशा में मॉनीटरिग की आवश्यकता है ताकि बैंक कर्मियों का पक्षपाती नीति नहीं चल सके।

डीसी ने विकास की उपलब्धियां गिनाई : उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने एक सालों में जिले में किसान हित में संचालित योजनाओं के उपलब्धियों की जानकारी दी। वर्तमान समय में जिले में चल रही मत्स्य, पशुपालन, कृषि, उद्यान विभाग के योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, जीप अध्यक्ष दीपिका बेसरा, पदाधिकारी संजय कुमार पांडे, जिला कृषि पदाधिकारी सबन गुड़िया, कृषि विज्ञान केंद्र प्रमुख संजीव कुमार, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष श्यामलाल हेंब्रम, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुक्ता मंडल, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु मंडल,अनुमंडल उद्यान पदाधिकारी शमसुद्दीन अंसारी आदि थे।

chat bot
आपका साथी