चालक की हत्या में सहचालक बलिया से गिरफ्तार

जामताड़ा नगर थाना की पुलिस ने बांका सुईया थाना के भेलवा गांव निवासी सह ट्रक चालक विजय उफ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 07:03 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 07:03 PM (IST)
चालक की हत्या में सहचालक बलिया से गिरफ्तार
चालक की हत्या में सहचालक बलिया से गिरफ्तार

जामताड़ा : नगर थाना की पुलिस ने बांका सुईया थाना के भेलवा गांव निवासी सह ट्रक चालक विजय उर्फ आकाश यादव की हत्या का खुलासा कर लिया है। विजय की हत्या उसी के साथ रहनेवाले सहचालक रवींद्र यादव ने की थी और यहां जामताड़ा के सतसाल में शव फेंक दिया था। नगर थाना की पुलिस टीम ने अपने साढू के घर बलिया के चितबड़ागांव थाना के कारो गांव में छुपे रवींद्र यादव को गिरफ्तार कर बुधवार को यहां लाया। रवींद्र ने अपनी पत्नी से प्रेम संबंध चालक विजय का रहने की वजह से उसकी हत्या कर दी थी।

दरअसल, इसी छह जून को नगर थाना के सतसाल गांव के बाहर तालाब किनारे एक अज्ञात शव पुलिस ने बरामद किया था। 72 घंटे के बाद उसकी शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उसके बाद शव बरामदगी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गई। इसके लिए एसपी दीपक सिन्हा ने थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में पुअनि नागेश्वर साव, दीपक साव, अनिल कुमार, सअनि लव कुमार समेत संतोष व रोहित को शामिल कर जांच टीम गठित की थी। पुलिस के लिए शव की शिनाख्त न हो पाना चुनौती बना हुआ था। इसी बीच इंस्पेक्टर संजय ने शव की तस्वीर मुख्यालय समेत विभिन्न थाना की पुलिस को भेजी। धनबाद के न्यूज टुडे सोशल मीडिया सह वाट्सएप ग्रुप को भी भेजा। इसी ग्रुप में तस्वीर देखकर मृतक के परिजन ने आकाश उर्फ विजय की पहचान की और मिहिजाम थाना को फोन किया। वहां जामताड़ा थाना की पुलिस को जानकारी मिलने पर जांच टीम और सक्रिय हुई और बांका से परिजनों को बुलाया गया। तस्वीर देखकर परिजनों ने पहचान की और डब्ल्यूबी 23 डी 6075 नंबर ट्रक का चालक विजय व सह चालक रवींद्र यादव के बारे में जानकारी दी। तकनीकी शाखा की मदद से पता चला कि रवींद्र अपने साढू लाल बाबू यादव के घर यूपी बलिया के कारो गांव में छुपा है।

पूरी घटना क्रम की जानकारी देते हुए एसपी दीपक कुमार सिन्हा ने बुधवार को यहां नगर थाना में बताया कि हत्या करेनवाले रवींद्र को यहां थाना लाया गया। उसकी निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का टायर लिवर रॉड, मृतक का खून लगा जूता, खून लगा ट्रक का सीट कवर, कांड में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया। एसपी ने बताया कि चालक विजय की हत्या रवींद्र ने ट्रक पर ही पांच जून को कर दी थी। रॉड से उसके सिर पर वार किया गया था। रवींद्र ने पुलिस को पूछताछ में यह भी बताया कि उसकी पत्नी रेणु उर्फ कांति देवी के साथ विजय का अवैध संबंध था। इसे बारे में दोनों को कई बार समझाया भी था। दो जून को दोनों ट्रक लेकर नासिक से कोलकाता लौट रहे थे। इस सफर में विजय लगातार उसकी पत्नी से मोबाइल पर बात करते रहा। विरोध में विजय के साथ रवींद्र का झगड़ा भी हुआ। पांच जून को ट्रक से सामान उतारकर कोलकाता के चमरेल पार्किंग में गाड़ी में दोनों थे। फिर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ और रवींद्र ने टायर लिवर रॉड से विजय के सिर पर वार कर दिया। वहीं उसकी मौत हो गई।

एसपी दीपक सिन्हा ने बताया कि फिर रवींद्र ट्रक में शव लेकर बिहार के लिए वहां से निकल गया। चौबीस घंटा बीत चुका था। शव से गंध आने के डर से उसने जामताड़ा के सतसाल में तालाब किनारे शव को फेंक दिया। फिर ट्रक जसीडीह में छोड़कर अपने घर भाग गया। ट्रक जसीडीह थाना में जब्त है। पूछताछ में पुलिस को बरगलाने की कोशिश भी रवींद्र ने की। हत्या में तीसरे की संलिप्तता बता रहा था। पर कोलकाता से दुर्गापुर चेकपोस्ट तक सीसीटीवी फुटेज में ट्रक में कहीं भी तीसरा व्यक्ति नजर नहीं आया। अंत में पुलिस के सामने रवींद्र ने हत्या से जुड़ा हर तथ्य उगल दिया। बुधवार का रवींद्र को न्यायिक हिरासत में जामताड़ा मंडल कारा भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी