महंगाई बढ़ा रही है केंद्र सरकार : झामुमो

संवाद सहयोगी जामताड़ा पेट्रो पदार्थ व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में झामुमो जिल

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 01:01 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 01:01 AM (IST)
महंगाई बढ़ा रही है केंद्र सरकार : झामुमो
महंगाई बढ़ा रही है केंद्र सरकार : झामुमो

संवाद सहयोगी, जामताड़ा : पेट्रो पदार्थ व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में झामुमो जिला कमेटी ने यहां उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना- प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। महंगाई रोकने की मांग की। कहा कि केंद्र सरकार महंगाई बढ़ा रही है।

मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेंब्रम ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ व रसोई गैस की बढ़ रही कीमत में केंद्र सरकार का दोहरा चरित्र दिख रहा है। देश के अन्नदाता बीते तीन माह से अधिक समय से आंदोलनरत हैं। पर सरकार उसपर ध्यान न देकर महंगाई बढ़ाने में लगी है। केंद्रीय समिति सदस्य अशोक मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार कारपोरेट घराने के अनुसार चल रही है, लेकिन सरकार को अब हर हाल में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस का दाम कम करना होगा। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से सभी वस्तुओं की कीमत आसमान छू रही है। इससे आम जनता की जेब से सीधे पैसा निकाला जा रहा है। इसी के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार के गलत नितियों के कारण देश की स्थिति बदतर होती जा रही है। कृषि बिल के रूप में पारित काला कानून को भी केंद्र सरकार को वापस करना होगा। आगे आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। झारखंड को फंड देने के प्रति केंद्र गंभीर नहीं दिखता है। प्रदर्शन में अमरनाथ दूबे, असित मंडल,आनंद टुडू, परेश यादव, प्रो कैलाश साव, चंचल राय आदि थे।

----------

बिहार की तरह हमें भी चाहिए सुविधाएं

संस, जामताड़ा : बिहार की तर्ज पर तीन सूत्री मांग पूरा करवाने को सोमवार को गृह रक्षा वाहिनी के सदस्यों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष मैदान में सोमवार को धरना- प्रदर्शन किया। गृह रक्षा वाहिनी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा बिहारमें गृह रक्षा वाहिनी को तीन महत्वपूर्ण सरकारी सुविधा मिल रही है, लेकिन झारखंड में अब तक नहीं मिल पाई।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष तपन कुमार सिंह ने कहा कि झामुमो व गठबंधन दल ने सरकार गठन के पूर्व संकल्प लिया था कि कि जब सरकार बनेगी तो होमगार्ड जवानों की सभी मांगे पूरी की जाएंगी, लेकिन सरकर गठन के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी होमगार्ड जवानों की मांग पर विचार नहीं किया गया। सरकार चाहे तो समान काम का समान वेतन का लाभ दे सकती है। बिहार के तर्ज पर झारखंड के होमगार्ड जवानों को भी सभी लाभ जैसे प्रति दिवस मानदेय 774 रुपये, कर्मचारी भविष्य निधि, नियमित ड्यूटी, सेवानिवृति के बाद एकमुश्त भुगतान की मांग पूरी की जाए। कहा कि अगर सात मार्च तक राज्य सरकार उक्त मांगों को पूरी नहीं करेगी तो विवश होकर विधानसभा के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया। दीपक चौधरी, फणिभूषण तिवारी, अजय यादव, सुनील कुमार तिवारी, सचिन राय, गीता कुमारी, विवेकानंद भोक्ता, अमित कुमार यादव, विश्वनाथ भंडारी सहित अन्य होमगार्ड जवान धरना प्रदर्शन में शामिल थे.

chat bot
आपका साथी