74 साल गुजर जाने के बाद भी नहीं बन सका रजिया नदी पर पुल

जामताड़ा जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम दिशा में स्थित रजिया नदी पर झारखंड बनने

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 05:15 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 05:15 PM (IST)
74 साल गुजर जाने के बाद भी नहीं बन सका रजिया नदी पर पुल
74 साल गुजर जाने के बाद भी नहीं बन सका रजिया नदी पर पुल

जामताड़ा : जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम दिशा में स्थित रजिया नदी पर झारखंड बनने के दो दशक बाद भी एक अदद उच्च स्तरीय पुल का निर्माण नहीं हो सका है । यूं तो देश आजादी के 74 साल गुजर चुके पर भंडारो और जुरगुडीह के बीच इस नदी पर पुल नहीं होने की वजह से राहगीरों समेत आसपास की आबादी के लिए गमनागमन की समस्या आज भी बनी हुई है।

बारिश के मौसम में आवागमन और दुरूह हो जाता है। बरसात में इस क्षेत्र के छात्र व छात्राओं को धोबना उच्च विद्यालय में पढ़ाई करने के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो जाता है। छात्र जिस दिन नदी में पानी ज्यादा रहता है, वे स्कूल जाने के बजाए घर पर रहने को मजबूर होते हैं। कभी-कभी महीने तक स्कूल का मुंह तक नहीं देख पाते। मरीज को भी अस्पताल ले जाने में काफी असुविधा होती है। कभी-कभी मरीज को जान से भी हाथ धोना पड़ता है। बारिश के दौरान धनबाद जाने के लिए काफी समस्याओं का सामना करना होता है। यहां के स्थानीय ग्रामीणों ने पुल निर्माण को लेकर कई बार विधायक, सांसद और झारखंड सरकार के कतिपय मंत्रियों से गुहार लगाई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। अखबार में पुल बनने की घोषणा की खबर छप जाती है, लेकिन धरातल पर नतीजा शून्य रहता है। क्षेत्र के लोगों को जामताड़ा न्यायालय, बाजार एवं अन्य दैनिक जरूरतों को पूरी करने के लिए नदी पर पुल न रहने की वजह से बारिश में जान जोखिम में डालकर नदी पार करना पड़ता है। सरकारी कर्मचारियों को भी यही परेशानी होती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ महीने पूर्व जामताड़ा के विधायक सह राज्य हज कमेटी के चेयरमैन डॉक्टर इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनाने की मांग रखी थी। इस पर उन्होंने जल्द पुल निर्माण का आश्वासन दिया था। स्थानीय ग्रामीण पुल निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद में आज भी आस लगाए बैठे हैं। इस पुल के बन जाने से जामताड़ा नाराडीह, सोनबाद, चेंगायडीह, मदनाडीह, धोबना, मंझलाडीह, भंडारो, फुलजोरी जुरगुडीह आदि क्षेत्र के लोगों को धनबाद जाने के लिए बहुत कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

chat bot
आपका साथी