Murder: सरायकेला में युवक की हत्या, पहले गोली मारी फिर सिर को पत्थर से कुचला

Saraikela Brutal Murder झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक युवक की हत्या कर दी गयी। उसे पहले गोली मारी गयी फिर सिर पत्थर से कुचल दिया गया। शव खेत से मिला। आशंका जतायी जा रही है कि बालू कारोबार के विवाद में हत्या को अंजाम दिया गया।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 10:50 AM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 11:17 AM (IST)
Murder: सरायकेला में युवक की हत्या, पहले गोली मारी फिर सिर को पत्थर से कुचला
घटनास्थल पर रोते-बिलखते मृतक राजेश तियु के परिजन। जागरण

सरायकेला, जागरण संवाददाता। झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिला के कुदरसाई गांव स्थित खेत से एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का नाम आशीष तिउ बताया जा रहा है। मृतक के शरीर में चार जगह गोलियों के निशान मिले हैं। शव देखने से प्रतीत हो रहा है कि युवक को पहले गोली मारी गई है। उसके बाद सिर को पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। युवक के गले और सीने में गोलियों के निशान मिले हैं।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। घटनास्थल से 5 सौ मीटर की दूरी से मृतक की बाइक और खोखा मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक के पिता राजेंद्र तिउ पुलिस के सेवानिवृत्त जवान रह चुके हैं। इनकी चाईबासा- सरायकेला मेन रोड में सीमेंट का दुकान है। मृतक अपने मां- बाप से अलग पठानमारा पंचायत के सोनाडीह गांव में रह रहा था। मृतक शादी- शुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। मृतक की बहन सुकमति बानसिंह ने बताया कि आशीष का खुद का ट्रैक्टर था और उसे चलाता भी था। सोमवार को गांव के ही महेंद्र रावतिया के साथ उसकी झड़प हुई थी। उन्होंने बताया कि जब सोमवार की देर शाम उसका भाई घर नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। मंगलवार की सुबह खेत में क्षत- विक्षत अवस्था में भाई का शव मिला। शव के बगल में ही पत्थर का बोल्डर भी मिला है।

ग्रामीणों ने सुनी थी गोली चलने की आवाज

ग्रामीणों के अनुसार रात में गोली चलने की भी आवाज सुनाई दी है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव के आसपास की स्थिति देखकर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि घटना को कई युवकों ने मिलकर अंजाम दिया है। मृतक ने बीच-बचाव का भी काफी प्रयास किया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घटनास्थल पर मारपीट और छीना झपटी भी हुई है। वैसे सूत्र बताते हैं कि बालू के वर्चस्व को लेकर उक्त हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी है। विदित रहे कि 15 दिनों के भीतर सरायकेला थाना क्षेत्र में हत्या की यह तीसरी घटना है।

chat bot
आपका साथी