जिले में दिनभर होती रही बारिश, बिगड़ा रहा मौसम

सूबे में तूफान जवाद का सबसे ज्यादा असर पूर्वी सिंहभूम जिले में देखने को मिला। शनिवार की सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई जो दिनभर होती रही।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 08:07 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 08:07 PM (IST)
जिले में दिनभर होती रही बारिश, बिगड़ा रहा मौसम
जिले में दिनभर होती रही बारिश, बिगड़ा रहा मौसम

जासं, जमशेदपुर : सूबे में तूफान 'जवाद' का सबसे ज्यादा असर पूर्वी सिंहभूम जिले में देखने को मिला। शनिवार की सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई, जो दिनभर होती रही। वहीं, सुबह व शाम में घने कोहरे भी छाए रहे। इस दौरान लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से गाड़ियां भी धीरे-धीरे चलती दिखी। इस दौरान कुछ लोग शहर छोड़कर अपने घर चले गए।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को चक्रवात तूफान पश्चिम बंगाल में बना हुआ है। रविवार को पूरी में पहुंचेगा। इससे राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों (देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज) तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है। वहीं, छह दिसंबर को दक्षिणी भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां) में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। सात दिसंबर को सुबह में कोहरा छाए रहेगा। जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। आठ दिसंबर से ठंड बढ़ेगी।

---

जिले में 0.7 एमएम हुई बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में 0.7 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री व अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, राज्य में अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है जबकि अगले दो दिनों में दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।

------------------

बढ़ेगी ठंड, बच्चे व बुजुर्ग रहें सावधान

जिले में आठ दिसंबर से ठंड बढ़ेगी। ऐसे में बच्चे व बुजुर्गों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इधर, अस्पतालों में भी ठंड से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सर्दी-खांसी, बुखार व दस्त के मरीज सबसे अधिक पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी-खांसी व बुखार को हल्के में नहीं लेने की जरूरत है। कोरोना के साथ-साथ कई अन्य बीमारी फैली हुई है।

chat bot
आपका साथी