UPSC 2020 Result : चांडिल के विकास ने एलएंडटी में मेकेनिकल इंजीनियर की नौकरी छोड़ की यूपीएससी की तैयारी, मिला 446वां रैंक

UPSC 2020 Result विकास महतो ने यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों को संदेश दिया कि अगर आप कहीं पर काम कर रहे हैं यह काम अगर आपको थोड़ा सा भी अच्छा नहीं लगता हैं तो तत्काल उसे छोड़ दें तथा यूपीएससी पर पूरा फोकस करें। सफलता अवश्य मिलेगी।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 05:17 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 05:17 PM (IST)
UPSC 2020 Result : चांडिल के विकास ने एलएंडटी में मेकेनिकल इंजीनियर की नौकरी छोड़ की यूपीएससी की तैयारी, मिला 446वां रैंक
विकास महतो को अखिल भारतीय स्तर पर 446वां रैंक मिला है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : यूपीएससी की परीक्षा में गम्हरिया में अपने परिवार के साथ पढ़ाई करने वाले विकास महतो को अखिल भारतीय स्तर पर 446वां रैंक मिला है। उसने दसवीं तक की शिक्षा केरला पब्लिक स्कूल गम्हरिया तथा बारहवीं की परीक्षा डीएवी बिष्टुपुर से उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने एनआइटी इलाहाबाद से मैकेनिकल से बीटेक किया। वर्ष 2017 से 2019 तक वे एलएंडटी में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर कार्य किया।

इसी दौरान उन्होंने एक बार यूपीएससी को क्रेक करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। चूंकि इंजीनियर के पद पर उनका मन नहीं लग रहा था, इस कारण यह नौकरी छोड़ दी। इसके बाद वे दिल्ली आ गए और पूर्ण रूप से यूपीएससी की तैयारी करने लगे और अंतत: इसमें सफलता हाथ लगी। विकास का मूल घर चांडिल प्रखंड के खूंटी गांव में है। उसके पिता चक्रधर महतो गम्हरिया में अंचल निरीक्षक के पद पर पदस्थापित थे। अब वे मानगो में अंचल निरीक्षक के पद पर पदस्थापित हैं। मां अंबालिका महतो गृहणी है। भाई पल्लव ओडिशा के बुर्ला में एसबीआइ में पीओ के पद पर पदस्थापित हैं।

झारखंड में देना चाहता है सेवा

विकास ने परीक्षा के दौरान झारखंड राज्य को प्राथमिकता दी है। विकास बताते हैं कि उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाना है। वर्तमान परिस्थित में आइएएस मिलना मुश्किल लग रहा है। उम्मीद है कि आइपीएस या भारतीय राजस्व सेवा उन्हें मिलेगा। जो भी मिलेगा वे इसे ग्रहण करेंगे तथा कार्य करते हुए एक बार फिर से प्रशासनिक सेवा के लिए यूपीएससी की परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा चाहें तो यूपीएससी को आसानी से क्रेक कर सकते हैं। बस अपने उपर विश्वास होना चाहिए।

रोजाना की आठ घंटे की पढ़ाई

यूपीएससी में सफलता प्राप्त करने को लेकर विकास ने रोजाना आठ घटे की पढ़ाई की तथा आधुनिक भारत का इतिहास, अर्थशास्त्र, राज व्यवस्था तथा पर्यावरण विषयों को अच्छी तरीके से पढ़ा तथा करेंट अफेयर्स पर फोकस किया। कहा कि यूपीएससी की तैयारी करने वाले प्रत्येक छात्र को अखबार रोज पढ़ना चाहिए। इससे देश दुनिया की वास्तविक स्थिति का पता सकता है। प्रतिष्ठत कोचिंग संस्थानों द्वारा प्रत्येक माह प्रकाशित सामान्य ज्ञान की पुस्तकों को पढ़ने और इसका अभ्यास करने से परीक्षा में आपको काफी सहूलियत होगी।

छात्रों को दिया संदेश, कहा-जो काम अच्छा नहीं लगता उसे छोड़ दें

विकास महतो ने यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों को संदेश दिया कि अगर आप कहीं पर काम कर रहे हैं, यह काम अगर आपको थोड़ा सा भी अच्छा नहीं लगता हैं तो तत्काल उसे छोड़ दें तथा यूपीएससी पर पूरा फोकस करें। सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने छात्रों को अनुशासित होकर यूपीएससी की तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों में काफी प्रतिभा है, वे अगर ठान लें तो यूपीएससी को क्रेक करने से कोई रोक नहीं सकता।

chat bot
आपका साथी