वैक्सीनेशन सेंटर पर हंगामा, लौटी टीम

घाटशिला के वैक्सीनेशन सेंटर जेसी स्कूल में अव्यवस्था को लेकर ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके कारण वैक्सीन के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम काम छोड़ वापस लौट आई। कार्य में लगी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी की..

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 06:00 AM (IST)
वैक्सीनेशन सेंटर पर हंगामा, लौटी टीम
वैक्सीनेशन सेंटर पर हंगामा, लौटी टीम

संस, घाटशिला : घाटशिला के वैक्सीनेशन सेंटर जेसी स्कूल में अव्यवस्था को लेकर ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके कारण वैक्सीन के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम काम छोड़ वापस लौट आई। कार्य में लगी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी की। इससे नाराज सभी स्वास्थ्यकर्मी वापस लौट आए। तबतक लगभग 100 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका था। लगभग 200 लोग वैक्सीन लेने के इंतजार में खड़े थे। शनिवार को दूसरा डोज के लिए लोग पहुंचे थे। वैक्सीनेशन सेंटर पर प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस इंतजाम नहीं होने के कारण वहां अव्यवस्था का आलम रहा। लोग वैक्सीन लेने के जल्दबाजी में दिखे। वहीं शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना भी भूल गए। अव्यवस्था के कारण ऐसे में लोगों का हंगामा बढ़ता गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को समझाने के प्रयास में लगी रही। लेकिन कई लोग मानने को तैयार नहीं दिखे।

इधर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों पर भी अभद्रता व सहयोग न करने का आरोप लगाया है। इधर हंगामा की खबर मिलते ही फौरन वैक्सीनेशन स्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप टोप्पो, मजिस्ट्रेट जयप्रकाश करमाली, बीडीओ कुमार एस अभिनव, सीओ राजीव कुमार, घाटशिला थाना प्रभारी इन्द्रदेव राम, मुखिया कन्हाई मुर्मू, बैजू मुर्मू पहुंचे। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने स्थल पर पहुंच कर लोगों से जानकारी ली। हंगामा कर रहे लोगों को समझाया और शारीरिक दूरी का अनुपालन करवाते हुए लोगों को बैठाया। हॉल में लोगों की गिनती की गई। बीडीओ ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों को वैक्सीन मिलेगी। किसी को हड़बड़ाने की जरूरत नहीं है। कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य कर्मी के साथ गलत व्यवहार नहीं करेगा। अगर कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्यकर्मी के साथ बदसलूकी करेगा तो उसपर कानूनी कारवाई की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य टीम को दोबारा बुलाया गया। स्वास्थ्य टीम ने एसडीपीओ से वहां प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों के द्वारा बदसलूकी किए जाने की शिकायत की है। जिसपर एसडीपीओ ने कारवाई करने की बात कहीं है। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी वैक्सीनेशन के कार्य में दोबारा लगे। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से दोबारा वैक्सीन का काम शुरू हुआ। बैठक में दोनों जवानों ने स्वीकार की गलती : बदसलूकी करने वाले जवानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अनुमंडल अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी एकजुट होने लगे। कार्रवाई नहीं होने से कार्य बहिष्कार भी कर सकते हैं। हालांकि मामले की जानकारी मिलते ही पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डा. एके लाल देर शाम अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शंकर टुडू से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद नाराज स्वास्थ्यकर्मियों से बात की। इस मामले पर सिविल सर्जन ने एसडीपीओ, थाना प्रभारी, बीपीएम संग एक बैठक की। इसमें दोनों जवानों ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस मामले पर सिविल सर्जन ने कहा कि जिन जवानों ने बदसलूकी की थी उन्होंने गलती स्वीकार कर ली है। इस वैश्विक महामारी के मुश्किल दौर में हम सबको साथ मिलकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़नी है। वैक्सीनेशन सेंटर पर नहीं थे कोई प्रशासनिक ठोस इंतजाम : घाटशिला में अभी फिलहाल जेसी स्कूल के आशा सभागार में वैक्सीन देने का काम चल रहा है। वैक्सीन के किल्लत के बीच लोगों को कोविशिल्ड की दूसरी डोज दी जा रहीं है। वैक्सीनेशन तिथि की जानकारी होने पर काफी संख्या में लोग यहां पहुंचते है इसके कारण यहां अव्यवस्था का आलम रहता है। शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं होता है। स्वास्थ्यकर्मियों के भरोसे ही वैक्सीन अभियान को छोड़ दिया जाता है। इसके कारण लोगों के भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल रहता है। यहां प्रशासन का कोई वरीय पदाधिकारी नहीं रहता है। सिर्फ पुलिस टीम को प्रतिनियुक्त किया जाता है। जिसके कारण अक्सर वैक्सीन देने के क्रम में हंगामा होते रहता है। आज 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को मिलेगा पहला डोज : जेसी स्कूल के आशा सभागार में बनाया गया वैक्सीन सेंटर पर रविवार को 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को मिलेगा पहला डोज व दूसरा डोज दिया जाएगा। उक्त बाते अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. शंकर टुडू ने बताई। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही इस संक्रमण से जीत सकते है। हम सभी को एक होकर काम करना है।

chat bot
आपका साथी