राजस्व बढ़ाने की अनोखी कवायद : जमशेदपुर अक्षेस ने शौचालय के उपर बनाया रेस्टोरेंट
जमशेदपुर में एक अनोखा रेस्टोरेंट खुलने जा रहा है जो संभवत झारखंड का पहला रेस्टोरेंट होगा। इसे शौचालय के उपर बनाया गया है। यह अनोखी सोच जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार व सिटी मैनेजर रवि भारती की थी।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर में एक अनोखा रेस्टोरेंट खुलने जा रहा है जो संभवत: झारखंड का पहला रेस्टोरेंट होगा। इसे शौचालय के उपर बनाया गया है। यह अनोखी सोच जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार और सिटी मैनेजर रवि भारती की थी।
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा सोनारी मरीन ड्राइव के किनारे बनाए गए शौचालय के उपर कमरा बनाया गया था जिसे रेस्टोरेंट में तब्दील कर दिया गया। सोनारी छठ पूजा हो, टूसू पर्व हो या दुर्गापूजा, यहां हमेशा लोगों की भीड़ रहती है। अक्षेस बगल में ही करोड़ों की लागत से पार्क का भी निर्माण कर रही है। नदी किनारे लोग शौच करते थे, इसे रोकने के लिए अक्षेस की ओर से सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया। इसी बीच विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के मन में कुछ नया करने का प्लान आया। इस प्लान के तहत उन्होंने शौचालय के उपर बने कमरे को रेस्टोरेंट में तब्दील कर दिया। अब रेस्टोरेंट से दोमुहानी यानि स्वर्णरेखा नदी व खरकई नदी का विहंगम दृश्य लोगों के मन में रोमांच पैदा कर देगी।
रेस्टोरेंट चलाने के लिए न्यूनतम बोली 360000 रुपये रखी गयी
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा दोमुहानी स्थित सामुदायिक शौचालय के ऊपरी तल पर बनाए गए रेस्टोरेंट की बंदोबस्ती करने के लिए शुक्रवार को खुली डाक से निविदा आमंत्रित की गई है। इस संबंध में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि रेस्टोरेंट की तीन वर्ष के लिए बंदोबस्ती की जाएगी। जिसकी न्यूनतम बोली की राशि 360000 रुपये निर्धारित की गई है। कृष्ण कुमार ने बताया कि इस बंदोबस्ती के द्वारा न सिर्फ जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को राजस्व का लाभ होगा बल्कि दोमुहानी एक पर्यटन स्थल के रूप में तेजी से उभरेगा। इससे दोमुहानी क्षेत्र में आम नागरिकों को सुविधा भी प्राप्त होगी।
सेल्फी जोन भी बनेगा
दोमुहानी आने वाले पर्यटकों के लिए शौचालय को आकर्षक ढंग से पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है ताकि उसे सेल्फी जोन के रूप में भी विकसित किया जा सके। जानकारी हो कि उपायुक्त सूरज कुमार द्वारा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र को तीव्र गति से राजस्व में वृद्धि का निर्देश दिया है। उसी दिशा में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार राजस्व बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।