सियाल को नहीं मारता वो उसे मरवा देता : रविदास

सयाल ने तुड़वा दी थी रविदास के भतीजी की शादी इसलिए सियाल को जान से मारना चाहता था(

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 08:15 AM (IST)
सियाल को नहीं मारता वो उसे मरवा देता : रविदास
सियाल को नहीं मारता वो उसे मरवा देता : रविदास

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र कागलनगर रोड नंबर पांच में 26 फरवरी को रविदास और उसके गुर्गो ने सियाल उर्फ सोनू को गोली मार जख्मी कर दिया था। इस मामले में सोनारी थाना की पुलिस ने रविदास और उसके साथी गोरांगो दास को गिरफ्तार किया है। इनके पास से देशी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए है। दोनों ने पुलिस को पूछताछ में कई अहम जानकारी दी।

रविदास ने पुलिस को बताया कि उसने सियाल पर आपसी वर्चस्व को लेकर हमला नहीं किया था बल्कि उसने इसलिए गोली मारी थी क्योंकि सियाल ने उसके भतीजी की शादी तुड़वा दी जिसका बदला लेना वह चाहता था। विरोध पहले भी चल रहे थे। अगर वह सियाल को गोली नही मारता तो सियाल उससे गोली मरवा देता। घटना के कुछ दिन पहले ही उसने अपने साथियों के साथ अपने घर पर पूरी योजना तैयार की।

पुलिस को बताया कि उसने सियाल के साथ सुलह कर ली थी, लेकिन सियाल उसके खिलाफ काम करता रहा। उसकी भतीजी की शादी होने वाली थी। सबकुछ तय हो चुका था। सियाल ने भतीजी के होने वाले पति को फोन कर कुछ गलत जानकारी दी जिसके बाद भतीजी की शादी टूट गई। घटना के दिन उसे सूचना मिली कि सियाल उर्फ सोनू अपने साथी के साथ बाइक से जा रहा है। वह मौके पर पहुंचा और कार से धक्का मार सियाल और उसके साथी को गिरा दिया। सियाल को दौड़ाकर गोली मारी, लेकिन वह बच गया। घटना के बाद वह बंगाल के आसनसोल फरार हो गया था। इधर-उधर वह भागता रहा। रिश्तेदार के यहां छिपता रहा। पटमदा प्रखंड के कमलपुर के कटिग के पास वह पकड़ा गया।

इधर, एसएसपी एम तमिल वानन ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया रविदास को कमलपुर के कटिग सीमा पर पकड़ा गया जबकि उसके साथी गोरांगो दास को सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई से गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने फायरिग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। फायरिग की घटना में पुलिस अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अदालत में स्पीडी ट्रायल से सुनवाई कराए जाने की अनुशंसा की जाएगी।

-------------------

रविदास के खिलाफ हत्या समेत सात आपराधिक मामले :

एसएसपी ने बताया रविदास के खिलाफ हत्या समेत सात आपराधिक मामले दर्ज है। सभी मामले सोनारी थाना में दर्ज है। रविदास के साथी गोरांगा दास पर पांच आपराधिक मामले दर्ज है। इसमें हत्या के प्रयास, आ‌र्म्स एक्ट, जानलेवा हमला समेत अन्य मामले है।

chat bot
आपका साथी