Tokyo Olympics 2020 : तीरंदाजी में दीपिका व प्रवीण की जोड़ी ने चीनी ताइपेई को किया पराजित, क्वार्टर फाइनल में कोरिया से भिड़ंत

टोक्यो ओलंपिक्स 2020 से शनिवार को अच्छी खबर आई जब तीरंदाजी की मिक्सड डबल्स स्पर्धा में भारत ने चीनी ताइपेई को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया। अंतिम आठ में भारत की भिड़ंत द. कोरिया से होगी।

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:38 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 01:29 PM (IST)
Tokyo Olympics 2020 : तीरंदाजी में दीपिका व प्रवीण की जोड़ी ने चीनी ताइपेई को किया पराजित, क्वार्टर फाइनल में कोरिया से भिड़ंत
Tokyo Olypics 2020 : तीरंदाजी में दीपिका व प्रवीण की जोड़ी ने चीनी ताइपेई को किया पराजित

जमशेदपुर : टोक्यो ओलंपिक की तीरंदाजी की मिश्रित स्पर्धा के एलिमिनेशन राउंड के पहले चरण में भारत ने चीनी ताइपेई को 5-3 से पराजित कर दिया। भारतीय स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी टोक्यो ओलिंपिक तीरंदाजी मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में पति और अनुभवी तीरंदाज अतानु दास की जगह प्रवीण जाधव के साथ मैदान पर उतरी। शुक्रवार को क्वालीफिकेशन दौर के प्रदर्शन के आधार पर यह फैसला लिया गया। मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा ओलिंपिक में पहली बार खेली जा रही है और इसे भारत की पदक उम्मीद में से एक माना जा रहा है। जाधव और दीपिका के संयुक्त स्कोर के आधार पर मिक्स्ड डबल्स में भारत को नौवीं रैंकिंग मिली है।

रोमांचक मुकाबले में चीनी ताइपेई को 36-35 से दी मात

शनिवार को खेले गए एलिमिनेशन राउंड के पहले सेट में चीनी ताईपेई ने भारत को 36-35 से पराजित किया। वहीं दूसरे सेट में दोनों ही टीमें 38-38 से बराबरी पर रही। तीसरे राउंड में भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी की और स्कोर को 35-40 तक पहुंचा यह सेट अपने नाम कर लिया। चौथे राउंड में भी भारत का दबदबा बरकरार रहा और यह सेट भी 37-36 से जीत लिया।

युवा व अनुभव का दिखा जोश

गौरतलब है कि भारत के पास दास और दीपिका का नाम भेजने का विकल्प था, जिन्होंने पेरिस विश्व कप में साथ में स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि, भारतीय तीरंदाजी महासंघ ने दास की जगह जाधव को चुना। भारतीय तीरंदाजी संघ के अधिकारी वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'मौजूदा फार्म के आधार पर जाधव का चयन किया गया। इसमें कोई राकेट विज्ञान नहीं है। जाधव नई प्रतिभा हैं और दीपिका के पास अनुभव है। उम्मीद है कि दोनों साथ में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।'

ओलंपिक राउंड में दीपिका व पुरुष तीरंदाजों ने किया निराश

इससे पहले दीपिका यहां ओलिंपिक रैंकिंग राउंड में अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाईं तो वहीं पुरुष तीरंदाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिससे भारत को मिक्स्ड जोड़ी में फेरबदल करने के लिए बाध्य होना पड़ा। दीपिका 663 अंक से नौंवे स्थान पर रहीं, जो उनके सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग स्कोर 686 से काफी कम है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मेरा प्रदर्शन अच्छा और बुरा दोनों था। यह बीच का रहा।'क

अंतिम आठ में कोरिया से भिड़ंत

भारतीय मिक्स्ड डबल्स जोड़ी आठवीं रैंकिंग की चीनी ताइपे की जोड़ी की चुनौती से निपटने के बाद क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय कोरिया से भिड़ेगी। कोरियाई तीरंदाज ने रैंकिंग राउंड में दबदबा बनाया, जो 2019 के बाद से ओलिंपिक की तैयारियों के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से दूर रहे थे, जिसमें महिलाओं के वर्ग में शीर्ष तीन स्थान पर कोरियाई तीरंदाज रहे। अतानु, जाधव और तरुणदीप राय की भारतीय पुरुष टीम हालांकि अच्छा स्कोर नहीं बना सकी और टीम रैंकिंग में बस किसी तरह से शीर्ष-10 में पहुंचने में सफल रही। भारत ने पुरुष और मिक्स्ड टीम रैंकिंग में एक समान नौंवा स्थान हासिल किया। पदार्पण कर रहे प्रवीण जाधव अनुभवी तीरंदाज दास (35वें स्थान) और राय (37वें स्थान) से आगे रहे। जाधव और दास का स्कोर समान 329 था, पर महाराष्ट्र का तीरंदाज अंतिम छह सेट में उनसे आगे निकल गया और उसने 720 में से 656 अंक जुटाए। एशियाई खेलों के पूर्व रजत पदक विजेता राय अपना तीसरा ओलिंपिक खेल रहे हैं। वह 64 तीरंदाजों में 37वें स्थान पर रहे। एलिमिनेशन दौर के मुकाबले 27 जुलाई को खेले जाएंगे। रैंकिंग दौर से एलिमिनेशन दौर की वरीयता का निर्धारण होता है और विरोधी भी तय होता है। तीरंदाजों को 70 मीटर की दूरी से निशाना लगाने के लिए 72 तीर दिए जाते हैं। उन्हें छह-छह तीरों की 12 सीरीज में निशाना लगाना होता है।

chat bot
आपका साथी