Tokyo Olympics 2020 : पहले तकरार, फिर प्यार, किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं दीपिका व अतनु की प्रेम गाथा

Tokyo Olympics 2020 भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी व अतनु दास की प्रेम कहानी जरा फिल्मी है। कभी दोनों एक-दूसरे के फूटी आंख नहीं सुहाते थे। हाल यह था कि आठ साल तक दोनों के बीच बातचीत बंद थी। फिर जानिए दीपिका अतनु को कैसे दिल दे बैठी...

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 06:01 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 10:24 AM (IST)
Tokyo Olympics 2020 : पहले तकरार, फिर प्यार, किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं दीपिका व अतनु की प्रेम गाथा
पहले तकरार, फिर प्यार, किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं दीपिका व अतनु की प्रेम गाथा

जमशेदपुर। कहते हैं, जोड़िया तो स्वर्ग में बनती है। टोक्यो ओलंपिक में कमाल कर रही इस भारतीय जोड़ी की प्यार की कहानी भी थोड़ा फिल्मी है। कभी एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाने वाले यह युवा जोड़ी आज पति पत्नी हैं और टोक्यो के तीरंदाजी ग्राउंड में धमाल मचा रहे हैं। जी हां, हम बात कर रहे भारतीय तीरंदाजी की स्वर्णपरी दीपिका कुमारी व अतनु दास की।

13 साल पहले की बात है। दीपिका कुमारी जमशेदपुर स्थित टाटा तीरंदाजी अकादमी की कैडेट थी। 14 साल के अतनु दास भी इसी अकादमी में प्रशिक्षण हासिल करने पहुंचे थे। दोनों किशोरावस्था में थे। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में अभ्यास के दौरान दोनों के बीच कड़ी प्रतिद्वंद्विता दिखती है। एक दिन किसी बात पर दीपिका कुमारी अतनु से नाराज हो गई। अतनु ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। तब दीपिका ने ठानी थी कि इस लड़के से कभी बात नहीं करूंगी। एक ही अकादमी में रहते हुए आठ साल तक दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। लेकिन होनी को कौन टालता है। समय का पहिया ऐसा घूमा कि दीपिका अपना दिल अतनु को ही दे बैठी।

प्यार में तब्दील हुआ तकरार, दिल दे बैठी दीपिका

इस प्यार की कहानी में 2016 में फिल्मी ट्विस्ट आया जब 2016 तीरंदाजी विश्वकप के लिए दीपिका व अतनु का चयन हुआ। अब साथ विदेश जाना था तो दोस्ती तो करनी ही पड़ेगी। टीम के अन्य साथी खिलाड़ी को दीपिका नहीं जानती थी। अतनु तो फिर भी अपने घऱ (टाटा तीरंदाजी अकादमी) का लड़का है। दोनों के बीच बात शुरू हुई। इस बार अतनु दीपिका से संभलकर बात करने लगे। दोनों ने कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एक साथ हिस्सा लिया। कब यह तकरार प्यार में बदल गया दोनों को पता ही नहीं चला। प्यार की खुमारी का असर दिखने लगा। दोनों एक दूसरे के साथ ज्यादा समय गुजारने लगे। देखते ही देखते 2018 में दोनों ने सगाई कर ली। पिछले साल 30 जून को दोनों शादी के बंधन में बंध गए।

ओलंपिक के मिक्सड डबल्स में अतनु के साथ नहीं उतरी दीपिका

टोक्यो ओलंपिक के मिक्सड डबल्स तीरंदाजी में पति पत्नी की इस जोड़ी को साथ उतरने का मौका हीं मिला। क्योंकि रैंकिंग राउंड में प्रवी जाधव ने अतनु से बेहतर प्रदर्शन किया था। भारतीय तीरंदाजी संघ ने दीपिका के साथ प्रवीण की जोड़ी बना दी। लेकिन दुर्भाग्यवश यह जोड़ी हार गई। बताते चलें कि दीपिका व अतनु की जोड़ी ने पेरिस विश्वकप में इसी स्पर्धा में स्वर्ण अपने नाम किया था। गौरतलब है कि शुक्रवार को व्यक्तिगत तीरंदाजी में दीपिका का मुकाबला रूस की सेनिया पेरोवा से होगा। अगर दीपिका दो मैच और जीत जाती है तो मेडल का हकदार हो जाएगी। उधर, अतनु का प्री क्वार्टर फाइ मैच शनिवार को जापान के ताकाहारू के साथ होगा।

chat bot
आपका साथी