पेरिस विश्वकप में भाग लेगी भारतीय तीरंदाजी टीम, क्वारंटाइन नियमों में दी गई ढील

पेरिस में होने वाले विश्वकप तीरंदाजी स्टेज-3 में भारतीय महिला तीरंदाजी टीम भाग ले सकेगी। फ्रांस सरकार व विश्वकप स्टेज-3 के आयोजनकर्ता ने भारतीय तीरंदाजी संघ को सूचित कर बताया है कि कोच व खिलाड़ियों के लिए विशेष तौर पर क्वारंटाइन नियमों में छूट दी गई है।

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 11:23 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 11:23 AM (IST)
पेरिस विश्वकप में भाग लेगी भारतीय तीरंदाजी टीम, क्वारंटाइन नियमों में दी गई ढील
पेरिस विश्वकप में भाग लेगी भारतीय तीरंदाजी टीम, क्वारंटाइन नियमों में दी गई ढील

जितेंद्र सिंह, जमशेदपुर : भारतीय तीरंदाजों के लिए अच्छी खबर। पेरिस में होने वाले विश्वकप तीरंदाजी स्टेज-3 में भारतीय महिला तीरंदाजी टीम भाग ले सकेगी। फ्रांस सरकार व विश्वकप स्टेज-3 के आयोजनकर्ता ने भारतीय तीरंदाजी संघ को सूचित कर बताया है कि कोच व खिलाड़ियों के लिए विशेष तौर पर क्वारंटाइन नियमों में छूट दी गई है। लुसाने विश्वकप में भाग नहीं लेने वाली भारतीय टीम के लिए यह राहत भरी खबर है।

भारत को फ्रांस सरकार ने रेड लिस्ट में डाला

कोरोना संक्रमण के कारण फ्रांस ने भारत को रेड लिस्ट में डाल रखा है। यहां से जाने वाले किसी भी यात्री को दस दिनों तक क्वारंटाइन में रना पड़ता है। लेकिन खिलाड़ियों को इस नियम से छूट मिली है। आरटी पीसीआर टेस्ट निगेटिव होना ही काफी है। उक्त विश्वकप में भारत की दीपिका कुमारी, अंकिता भकत, कोमलिका बारी व मधु वेदवान (रिजर्व) भाग लेंगी। टीम टूर्नामेंट शुरू होने के तीन दिन पहले पेरिस पहुंचेगी। 18 जून से ओलंपिक क्वालिफिकेशंस इवेंट शुरू हो रहा है।

पेरिस विश्वकप तीरंदाजी 21 जून से

भारतीय तीरंदाजी संघ के सचिव प्रमोद चंदूरकर ने बताया कि टीम को अभ्यास करने के लिए सिर्फ दो दिन का समय मिलेगा। हम खिलाड़ियों के साथ दो कोच व पांच सपोर्ट स्टाफ भी भेज रहे हैं। पुरुष तीरंदाजी टीम व कंपाउंड टीम बाद में रवाना होगी। पेरिस में विश्वकप तीरंदाजी 21 जून से शुरू होगा।

ओलंपिक में भाग लेने को दिल्ली से टोक्यो रवाना होगी टीम

विश्वकप में भाग लेने के बाद टीम पुणे के बजाय सीधे नई दिल्ली पहुंचेगी, जहां उन्हें अपनी किट और एक्रिडिएशन को क्लीयर करना होगा। इस प्रक्रिया में लगभग चार-पांच दिन लग सकते हैं। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारतीय तीरंदाजी टीम टोक्यो ओलंपिक के लिए जापान रवाना होगी। जापान में उन्हें कुरोबे शहर में रखे जाने की योजना है। लेकिन यह देखना भी जरूरी है कि वर्तमान में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए जापान सरकार इसकी अनुमति देता है या नहीं। तीरंदाजों को टोक्यो कब पहुंचना है, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। उधर, मंगलवार को क्रोएशिया के लिए रवाना हुई भारतीय निशानेबाजी टीम सीधे टोक्यो पहुंचेगी।

chat bot
आपका साथी